अहरौला में पुलिस से मुठभेड़: हिस्ट्रीशीटर गोतस्कर के पैर में लगी गोली, साथी भागा
तमंचा, कारतूस व बिना नंबर की बाइक मिली; हत्या-गैंगस्टर समेत 8 केस दर्ज

अहरौला। शनिवार तड़के थाना अहरौला क्षेत्र में पुलिस और गोतस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। मौके से तमंचा, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद हुई है।पुलिस के अनुसार रात करीब 2:40 बजे गश्त व चेकिंग के दौरान सूचना मिली कि दो गोतस्कर सहराजा मोड़ से निजामपुर की ओर जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने तरकूलहा गांव के पास घेराबंदी कर बाइक सवारों को रोकने की कोशिश की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया।घायल की पहचान जाकिर उर्फ शैफ (38) निवासी कुरैशी टोला, माहुल के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि वह थाने का हिस्ट्रीशीटर है। पूछताछ में उसके साथी का नाम दिलशाद उर्फ लालू बताया गया है, जिसकी तलाश में टीमें दबिश दे रही हैं।घायल को पहले सीएचसी ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल से .315 बोर का तमंचा, दो खोखा, दो जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की सुपर स्प्लेंडर बाइक बरामद की है।पुलिस के मुताबिक जाकिर पर गोवध, गैंगस्टर और हत्या सहित कुल आठ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



