दिव्य गंगा सेवा मिशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बने अजय कुमार शर्मा, आजीवन गंगा संरक्षण का लिया संकल्प

सम्भल। स्थानीय तिरंगा मार्केट में दिव्य गंगा सेवा मिशन के बैनर तले एक कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें मां गंगा एवं मां शारदे के चित्र पर दीप प्रज्वलन करके, शिवेश्वर पाण्डेय, सुभाष चंद्र शर्मा एवं मीनू रस्तोगी ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय संरक्षक शिवेश्वर पांडेय ने मां गंगा को भारत देश के लिए एक अद्भुत वरदान स्वीकारते हुए, भारतीय संस्कृति को बचाने के लिए गंगा के संरक्षण, स्वच्छता और श्रद्धा को आवश्यक बताया। जनपद सम्भल में समाजसेवी अजय कुमार शर्मा की सनातनी सेवाओं को देखते हुए संस्था ने उनकी सेवाएं लेने का निर्णय लिया है, जिसके तहत अजय कुमार शर्मा का मनोनयन, दिव्य गंगा सेवा मिशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में किया गया है। ज्ञात हो कि अजय कुमार शर्मा ने सम्भल की चौबीस कोसीय परिक्रमा एवं तीर्थोद्धार के लिए उल्लेखनीय कार्य किए हैं।
सरस्वती विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य शिवशंकर शर्मा ने मां गंगा के महत्व को दर्शाते हुए कहा कि हमारे कृषि प्रधान देश में नदियों का विशेष योगदान है लेकिन मां गंगा ने जितना हमारे किसानों के लिए अपना आशीर्वाद प्रदान किया है, उसे शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता, मां गंगा को निर्मल बनाए रखना हमारा परम कर्तव्य है।
साहित्य प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मुकेश कुमार दीक्षित एवं जिलाध्यक्ष दिनेश पाल सिंह दिलकश ने कार्यक्रम में उपस्थित समस्त भक्तों को मां गंगा की सेवा करने एवं उसको निर्मल बनाने का संकल्प दिलाया।
इस अवसर पर डॉ० रीता सिंह, ज्ञानप्रकाश उपाध्याय,दीपक गोस्वामी चिराग, अवधेश विद्यार्थी, विकास मिश्रा आदि ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन ज्ञानप्रकाश उपाध्याय ने किया।




