यूपी

भारत में शांति एवं सौहार्द के लिए हुआ यज्ञ

सनातन सम्पर्क यात्रा का 88वां यज्ञ रामपुर में संपन्न

रामपुर। भारत सहित विश्व में शांति, सौहार्द, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना के प्रसार के उद्देश्य से अमेरिका स्थित आनंद उत्सव मंदिर एवं अमेरिकन हिंदू एसोसिएशन के तत्वावधान में संचालित सनातन सम्पर्क यात्रा आज साईं विहार कॉलोनी, रामपुर स्थित सांई मंदिर पहुँची। इस यात्रा का नेतृत्व अमेरिकन हिंदू एसोसिएशन के सचिव बाबा आनंद जी एवं मधु माता जी कर रहे हैं।
यह यात्रा 02 अक्टूबर 2025 को प्रयागराज से प्रारम्भ होकर कासगंज, बदायूं, बरेली आदि जनपदों से होती हुई उत्तर प्रदेश के 62वें जिले रामपुर पहुँची। रामपुर में इस पावन यात्रा के अंतर्गत 88वां यज्ञ विधिविधानपूर्वक आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।

यज्ञ में सनातन धर्म की रक्षा, सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक पुनर्जागरण, राष्ट्र की उन्नति तथा विश्व शांति के लिए वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आहुतियाँ अर्पित की गईं। संपूर्ण वातावरण वैदिक ऋचाओं, हवन की सुगंध और आध्यात्मिक ऊर्जा से अनुप्राणित रहा।

यज्ञोपरांत उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए बाबा आनंद जी ने कहा कि सनातन सम्पर्क यात्रा का मूल उद्देश्य आत्मचिंतन के माध्यम से प्रत्येक भारतीय को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से पुनः जोड़ना है। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति केवल पूजा-पद्धति नहीं, बल्कि जीवन जीने की समग्र प्रणाली है, जो विश्व को शांति और सौहार्द का संदेश देती है। आज जब विश्व विभिन्न प्रकार के तनाव और संघर्ष से जूझ रहा है, तब भारतीय सनातन दर्शन ही मानवता को सही दिशा दे सकता है।
इस अवसर पर मधु माता जी ने भी अपने उद्बोधन में कहा कि यज्ञ केवल धार्मिक कर्मकांड नहीं, बल्कि सकारात्मक ऊर्जा का वैश्विक प्रसार है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा भारत की आध्यात्मिक चेतना को जन-जन तक पहुँचाने का एक पवित्र प्रयास है, जिससे समाज में सद्भाव, सहिष्णुता और परस्पर सम्मान की भावना सुदृढ़ होगी।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध कवि राम किशोर वर्मा ने दोहे के माध्यम से विश्व सौहार्द की कामना व्यक्त करते हुए कहा—
मेरे मन की कामना, बढ़े विश्व में प्यार।
सब में ही सौहार्द हो, मानवता आधार।।
सनातन सम्पर्क यात्रा के संयोजक जितेन्द्र कमल आनंद ने जानकारी देते हुए बताया कि इस यात्रा के माध्यम से देशभर में 800 यज्ञों के आयोजन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने ईश्वर से इस संकल्प की पूर्ति की कामना करते हुए कहा कि इस यात्रा से भारतीय समाज अपनी सांस्कृतिक जड़ों से पुनः जुड़ रहा है। उन्होंने बाबा आनंद जी एवं मधु माता जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके प्रयासों को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
कार्यक्रम में कमल दीप जौहरी, अरुण सक्सैना, अलका सक्सेना, शोभा भटनागर, अमन, नमन, सांई मंदिर के पंडित जी, श्रीमती किरण सहित अनेक श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने इस आयोजन को आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक समरसता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
सनातन सम्पर्क यात्रा का रामपुर आगमन क्षेत्रवासियों के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा, सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्रीय चेतना का संदेश लेकर आया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने भावपूर्वक आत्मसात किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!