गोगेरियन नववर्ष 2026 पर सृजित गीत –
विगत वर्ष से अनुभव लेकर, कदम बढ़े संसार में ।
नये साल संकल्प करें हम, दीप जले हर द्वार में ।।
कार्य योजना बने वर्ष की, क्या करना इस साल में ।
लक्ष्य किये निर्धारित अपने, पूर्ण करें हर हाल में ।।
जोश हमें संकल्प दिलाते, रखना सदा विचार में ।
विगत वर्ष से अनुभव लेकर, कदम बढ़े संसार में ।।
झूठे सब्ज-बाग दिखलाते,फँसना नहीं दुराव में ।
श्रम से चमन खिलाते उनके,रहे सदा बर्ताव में ।।
सबका साथ निभाए ऐसा, रिश्ता हो व्यवहार में ।
विगत वर्ष से अनुभव लेकर, कदम बढ़े संसार में ।।
नहीं निराशा में दिन बीते, हर पल बीते काम में ।
संकल्पों को पूरा करने, कमी न हो अंजाम में ।।
सुधिमन से हम नये वर्ष में, बहे सुगम रस धार में।
विगत वर्ष से अनुभव लेकर, कदम बढ़े संसार मे।।
-लक्ष्मण लड़ीवाला ‘रामानुज’




