होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज, जडौदा (मुजफ्फरनगर) में 50+ प्रतिभाओं का भव्य सम्मान समारोह सम्पन्न

मुजफ्फरनगर। होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज, जडौदा के सभागार में “50+ रिकगनिशन सेरेमनी” का भव्य एवं गरिमामयी आयोजन किया गया, जिसमें 50 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के 161 बहुमुखी प्रतिभा संपन्न व्यक्तियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों—गायन, नृत्य, योग, साहित्य, लेखन, फोटोग्राफी, कला, महिला सशक्तिकरण, समाजसेवा, खेल, स्वास्थ्य, पत्रकारिता एवं संगीत—से जुड़े प्रतिभागियों को अभिनंदन पत्र, सम्मान प्रतीक एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) प्रमोद सहगल, विद्या वैभव एजुकेशनल कॉन्क्लेव अवार्ड की चेयरपर्सन श्रुतिधारा आर्य, इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के नेशनल सेक्रेटरी एवं सह-प्रायोजक कुशपुरी, प्रतिष्ठित शिक्षाविद् एवं समाज सुधारक स्वामी तेजेश्वरानंद, स्पिक मैके के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आर.एम. तिवारी, कार्यक्रम अध्यक्ष एवं समाजसेवी कुंवर देवराज पंवार, एन.आई.एच. के चेयरमैन डॉ. विनोद कश्यप, लेखक एवं समाजसेवी प्रत्यूष गोयल तथा अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
मेरा वजूद फाउंडेशन के चेयरमैन प्रवेन्द्र दहिया, कार्यकारी सचिव समृद्धि त्यागी, संरक्षक प्रत्यूष गोयल, उपाध्यक्ष डॉ. रणवीर सिंह, कोषाध्यक्ष पंकज धीमान, सलाहकार डॉ. कीर्तिवर्धन अग्रवाल, डॉ. राजीव कुमार एवं अन्य पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं सम्मान प्रतीक देकर स्वागत किया।
स्वागत उद्बोधन में समृद्धि त्यागी ने संस्था की गतिविधियों एवं समाजहित में किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर प्रत्यूष गोयल द्वारा लिखित पुस्तक ‘द 21 कोड्स ऑफ वेल्थ’ का भी अतिथियों द्वारा विमोचन किया गया।
मुख्य अतिथि मेजर जनरल प्रमोद सहगल ने अपने संबोधन में कहा कि यह आयोजन अद्भुत है, जो 50 वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभाशाली व्यक्तियों को पहचान और सम्मान प्रदान करता है। स्वामी तेजेश्वरानंद ने स्वास्थ्य, योग और ध्यान के महत्व पर बल देते हुए कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को अपने हुनर को और निखारने के लिए शारीरिक एवं मानसिक संतुलन बनाए रखना आवश्यक है। श्रुतिधारा आर्य ने ऐसे आयोजनों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया, जबकि कार्यक्रम अध्यक्ष कुंवर देवराज पंवार ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।
डॉ. आर.एम. तिवारी ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए आयोजन की सराहना की और इसे समाज के लिए एक सकारात्मक पहल बताया। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. राजीव कुमार द्वारा किया गया।
समारोह में होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज के शिक्षकों एवं स्टाफ का विशेष योगदान रहा, वहीं जनपद के प्रसिद्ध गायक कुशल द्वारा प्रस्तुत गीतों ने कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिया।
यह आयोजन न केवल प्रतिभाओं का सम्मान था, बल्कि अनुभव, समर्पण और सृजनशीलता के संगम का एक प्रेरणादायी उदाहरण बनकर उभरा।




