पूर्वांचलवासियों के लिए शानदार उपहार: 2021 के छठ पर्व प्रदर्शन मामलों की वापसी
“मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जी ने पूर्वांचल समाज की धार्मिक आस्थाओं का सम्मान किया:सूर्य भान पाण्डेय

पूर्वांचलवासियों के लिए शानदार उपहार: 2021 के छठ पर्व प्रदर्शन मामलों की वापस
नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए 2021 में छठ पर्व के अवसर पर दर्ज किए गए सभी मुकदमों को वापस लेने की घोषणा की है। यह फैसला पूरे पूर्वांचल समाज के लिए एक बड़े राहत और सम्मान का प्रतीक माना जा रहा है।
भाजपा पूर्वांचल मोर्चा, दिल्ली प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष सूर्य भान पाण्डेय ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि “मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जी ने पूर्वांचल समाज की धार्मिक आस्थाओं का सम्मान किया है। यह निर्णय न्याय और जनभावनाओं की जीत है।”
ज्ञातव्य है कि वर्ष 2021 में तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सरकार ने दिल्ली में सार्वजनिक स्थलों पर छठ पर्व मनाने पर प्रतिबंध लगाया था। इस तुगलकी फरमान के विरोध में भाजपा पूर्वांचल मोर्चा के तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष कौशल मिश्रा के नेतृत्व में केजरीवाल के निवास पर विशाल प्रदर्शन हुआ था। प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किया गया, जिसमें कई कार्यकर्ता घायल हुए थे और मिश्रा जी को गंभीर चोटों के कारण अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था।
उस समय सरकार ने प्रदर्शनकारियों पर गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज करवाए थे, जो अब तक न्यायालय में लंबित थे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सत्ता संभालते ही न केवल यमुना नदी की सफाई और छठ घाटों के निर्माण का कार्य आरंभ कराया, बल्कि अब छठ पर्व पर दर्ज सभी मुकदमों को वापस लेकर धार्मिक स्वतंत्रता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को भी सिद्ध किया है।
सूर्य भान पाण्डेय ने कहा कि यह निर्णय मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जी की धर्मनिष्ठा, संवेदनशीलता और जनभावनाओं के प्रति सम्मान का परिचायक है। उन्होंने कहा कि “छठी मैया की कृपा से दिल्ली में आस्था और स्वच्छता का नया युग प्रारंभ हो चुका है। पूर्वांचल समाज मुख्यमंत्री जी और उनकी पूरी टीम का हृदय से आभारी है।”
पूर्वांचलवासियों ने इस निर्णय पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे “छठी मैया का आशीर्वाद” बताया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता कौशल मिश्रा जी के योगदान को भी समाज ने याद किया और कहा कि उनके संघर्ष के कारण ही आज पूर्वांचल समाज को न्याय मिला है।




