डॉ. राम तिवारी के नेतृत्व में सम्वादपीठ के द्वितीय दिवस पर राज्य स्तरीय युवा संसद का प्रभावशाली आयोजन

कानपुर। वी.एस.एस.डी. कॉलेज, कानपुर के रक्षा एवं सामरिक अध्ययन विभाग द्वारा विभागाध्यक्ष डॉ. राम तिवारी के नेतृत्व में आयोजित राज्य स्तरीय युवा संसद “सम्वादपीठ” के द्वितीय दिवस का आयोजन अत्यंत गरिमामय एवं बौद्धिक वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश के 20 से अधिक महाविद्यालयों एवं विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता की।

द्वितीय दिवस की कार्यवाही में युवा संसद सत्र एवं शून्यकाल (Zero Hour Session) का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने संसद सदस्यों की भूमिका निभाते हुए समसामयिक राष्ट्रीय विषयों पर तार्किक एवं तथ्यपरक विचार प्रस्तुत किए। छात्रों द्वारा संसदीय परंपराओं का अनुशासित निर्वहन, विषय की गहरी समझ एवं सशक्त वक्तृत्व कौशल विशेष रूप से सराहनीय रहा।
कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं में से विजयी प्रतिभागियों का चयन जूरी मंडल द्वारा किया गया। चयनित प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
द्वितीय दिवस के मुख्य अतिथि, इंग्लैंड के वेलिंगबरो (Wellingborough) के मेयर श्री राजकुमार मिश्रा ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए युवा संसद जैसे आयोजनों की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को संसदीय परंपराओं के सफल निर्वहन के लिए बधाई दी तथा नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) एवं राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (NRC) के संदर्भ में अपने विचार रखते हुए इनके समर्थन में अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जागरूक एवं विचारशील युवा ही किसी भी लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं।
कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया।
सर्वश्रेष्ठ वाद-विवादक (Best Debater) का पुरस्कार गिरिराज सिंह (विदुषी शुक्ला) को प्रदान किया गया।
सर्वश्रेष्ठ सांसद (Best Parliamentarian) का सम्मान ममता बनर्जी (शिवानी शर्मा) को प्राप्त हुआ।
मौखिक प्रशंसा (Verbal Commendation) का पुरस्कार नितिन गडकरी (आयुष तिवारी) को दिया गया।
वहीं सर्वश्रेष्ठ पत्रकार (Best Journalist) का सम्मान हर्षित सिंह को प्रदान किया गया।
पुरस्कार वितरण समारोह में कानपुर विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री राकेश मिश्रा, महाविद्यालय के संयुक्त सचिव प्रो. के.के. गुप्ता, प्राचार्या प्रो. नीरू टंडन, प्रो. बी.डी. पांडेय, अधिवक्ता मोहित पांडेय, डॉ. अलका दीक्षित एवं डॉ. प्रदीप दीक्षित (उत्कर्ष अकादमी) निर्णायक मंडल के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रेरक संदेशों एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।



