
स्वागत-स्वागत नव वर्ष तुम्हारा
उल्लसित हर्षित है जग सारा…..
रवि रश्मियां बिखरा रहीं
उल्लास भरा स्वर्णिम संदेश
रजत वर्ष जो बीत गये
छोड़ गये स्मृति सविशेष
नवीन गीत गूंज रहे दिशाओं में
नव भावों से भरा हृदय हमारा…..
स्वागत-स्वागत नव वर्ष तुम्हारा….
नव संकल्पों की बात करें
स्वच्छता की ओर प्रयाण करें
सुंदर-स्वस्थ हो अपना परिवेश
सब मिलकर सत्प्रयास करें
नई उमंग, नई सोच लिए
आ गया समय का हरकारा
स्वागत-स्वागत नव वर्ष तुम्हारा
स्वागत-स्वागत नव वर्ष तुम्हारा
उल्लसित हर्षित आज जग सारा…..
मीना जैन.




