वी.एस.एस.डी. कॉलेज कानपुर में 28–29 जनवरी को प्रदेश स्तरीय यूथ पार्लियामेंट “संवाद पीठ” का आयोजन

कानपुर।
वी.एस.एस.डी. महाविद्यालय, कानपुर के रक्षा एवं स्ट्रैटेजिक अध्ययन (Defence and Strategic Studies) विभाग द्वारा विद्यार्थियों में राष्ट्रीय सुरक्षा, संवैधानिक मूल्यों एवं समसामयिक विषयों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 28 एवं 29 जनवरी 2026 को एक प्रदेश स्तरीय यूथ पार्लियामेंट का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम को “संवाद पीठ” नाम दिया गया है।

कार्यक्रम का विषय
“Youth Perspective on CAA: Balancing National Security and Constitutional Morality amid the Challenge of Illegal Immigration” निर्धारित किया गया है, जिसके अंतर्गत छात्र-छात्राएं नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA), राष्ट्रीय सुरक्षा तथा संवैधानिक नैतिकता जैसे ज्वलंत विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे।
आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता के फाइनल राउंड में चयनित सर्वश्रेष्ठ 10 छात्र-छात्राओं को नगद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही प्रतिभागियों को उत्तर प्रदेश विधानसभा एवं लोकसभा, नई दिल्ली की संसदीय कार्यवाही को प्रत्यक्ष रूप से देखने का अवसर मिलेगा। इतना ही नहीं, चयनित विद्यार्थियों को रक्षा क्षेत्र के प्रतिष्ठित संस्थान CENJOWS (Centre for Joint Warfare Studies), नई दिल्ली में इंटर्नशिप का अवसर भी प्रदान किया जाएगा।
विभागाध्यक्ष डॉ. राम तिवारी ने बताया कि इस यूथ पार्लियामेंट का उद्देश्य विद्यार्थियों में संसदीय परंपराओं, नीति निर्माण प्रक्रिया एवं राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर तार्किक और संतुलित दृष्टिकोण विकसित करना है। उन्होंने अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं से इस प्रतियोगिता में सहभागिता करने का आह्वान किया है।
कार्यक्रम से संबंधित पंजीकरण, गूगल फॉर्म लिंक, बारकोड तथा भुगतान से जुड़ी सम्पूर्ण जानकारी ब्रोशर में उपलब्ध है, जिसे विभाग द्वारा विभिन्न छात्र समूहों के माध्यम से साझा किया जा रहा है।


