मातृशक्ति सम्मेलन में गूंजा महिला सशक्तिकरण का संदेश

गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे श्रमिक संघ, मुख्यालय मंडल गोरखपुर द्वारा मातृशक्ति सम्मेलन एवं महिलाओं का होली मिलन कार्यक्रम उत्साह, गरिमा और आत्मीय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में रेलवे के विभिन्न कार्यालयों से बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति रही और पूरे आयोजन में महिला जागरूकता, आत्मनिर्भरता तथा सामाजिक एकता का संदेश प्रमुख रूप से सामने आया।
कार्यक्रम में उपाध्यक्ष पूर्वोत्तर रेलवे श्रमिक संघ श्रीमती रीता मिश्रा, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की माननीय उपाध्यक्ष श्रीमती चारु चौधरी, तथा वरिष्ठ शिक्षाविद एवं गंगोत्री देवी महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय की संरक्षिका श्रीमती रीना त्रिपाठी प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में श्रीमती रीना त्रिपाठी ने महिलाओं को शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सामाजिक जागरूकता के विषय में विस्तार से संबोधित किया।
अपने वक्तव्य में रीना त्रिपाठी ने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति तभी संभव है जब महिलाओं को सम्मान, शिक्षा और अवसरों की समान भागीदारी मिले। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षित और जागरूक महिला ही परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ अधिवक्ता रूपल त्रिपाठी ने महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के अन्याय या उत्पीड़न की स्थिति में महिलाएँ कानून का सहारा लेने में संकोच न करें। कार्यक्रम का संचालन रीता मिश्रा, सर्वेश सिंह और अनीता कश्यप ने किया। इस अवसर पर प्रीति, सुनीता, राजकुमारी देवी, सुकन्या, सविता, रश्मि गुरुंग, मीरा, सुधा रानी त्रिपाठी, शायरा बानो, अंजू, परमजीत कौर सहित बड़ी संख्या में महिलाओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।


