शाम्भवी पीठ के पीठाधीश्वर स्वामी आनंदस्वरुप जन्मदिन की पूर्व संध्या पर दी बधाई
दि ग्राम टुडे/विशेष संवाददाता

हरिद्वार।पावन नगरी हरिद्वार स्थित शाम्भवी पीठ में आज एक महत्वपूर्ण आध्यात्मिक एवं सामाजिक भेंट का आयोजन हुआ। दिव्य गंगा सेवा मिशन के राष्ट्रीय समन्वयक डाॅ. शिवेश्वर दत्त पाण्डेय एवं राष्ट्रीय सचिव इंद्रेश शर्मा ने शाम्भवी पीठ के पूज्य महामण्डलेश्वर स्वामी आनंदस्वरुप से शिष्टाचार भेंट की।
इस अवसर पर स्वामी आनंदस्वरुप जी के जन्मदिवस की पूर्व संध्या पर प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें मां गंगा का पावन चित्र भेंट कर उनके दीर्घ एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। इस दौरान गंगा संरक्षण, स्वच्छता तथा सनातन संस्कृति के संवर्धन जैसे विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई।
प्रतिनिधिमंडल ने स्वामी जी से दिव्य गंगा सेवा मिशन का संरक्षक बनकर संस्था को मार्गदर्शन देने का आग्रह किया। इस पर स्वामी आनंदस्वरुप जी ने सहर्ष स्वीकृति प्रदान करते हुए मिशन द्वारा मां गंगा एवं सनातन संस्कृति के संरक्षण हेतु किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने आश्वस्त किया कि वे भविष्य में संस्था को हर संभव सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
स्वामी जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि मां गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और आस्था की जीवनरेखा हैं। उनके संरक्षण के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आकर योगदान देना चाहिए।
इस अवसर पर शाम्भवी पीठ के संतगण एवं श्रद्धालु भी उपस्थित रहे।




