आईसीएआई रायपुर द्वारा ‘वर्क–लाइफ बैलेंस’ पर विचार–मंथन एवं हास्य संध्या का सफल आयोजन

द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई), रायपुर शाखा द्वारा एक अत्यंत प्रेरणादायी एवं आनंददायक संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें वर्क–लाइफ बैलेंस विषय पर सारगर्भित विचार–विमर्श तथा स्टैंडअप कॉमेडी का अनूठा संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध वक्ता श्री संजय जैन ने वर्क–लाइफ बैलेंस पर व्यावहारिक एवं उपयोगी विचार प्रस्तुत किए। वहीं हैदराबाद से आए, मूलतः छत्तीसगढ़ से ताल्लुक रखने वाले प्रसिद्ध स्टैंडअप कॉमेडियन श्री मयंक पारख ने अपनी शानदार प्रस्तुति से उपस्थित सदस्यों, विद्यार्थियों एवं विशिष्ट अतिथियों को ठहाकों से भर दिया। पूरे सभागार में हँसी और उत्साह का वातावरण व्याप्त रहा।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि सीए नंदन जैन, उपाध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी, छत्तीसगढ़ ने आईसीएआई रायपुर द्वारा इस प्रकार के लाफ्टर प्रोग्राम के आयोजन की भूरी–भूरी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि कठिन एवं तनावपूर्ण पेशेवर जीवन में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एवं विद्यार्थियों के लिए ऐसे कार्यक्रम समय की आवश्यकता हैं, जो मानसिक सुकून और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करते हैं।
सीए विकास गोल्छा, अध्यक्ष, आईसीएआई रायपुर शाखा ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह कार्यक्रम भारत की किसी भी आईसीएआई शाखा द्वारा आयोजित अपनी तरह का प्रथम कार्यक्रम है, जिसे आईसीएआई की कमेटी फॉर प्रमोटिंग वर्क–लाइफ बैलेंस के तत्वावधान में आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य सदस्यों एवं विद्यार्थियों के जीवन में संतुलन, आनंद और उत्साह को बढ़ावा देना है।
इस अवसर पर आईसीएआई रायपुर शाखा द्वारा प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों का सम्मान किया गया, जिन्होंने आईसीएआई की विभिन्न गतिविधियों को निरंतर और सकारात्मक रूप से जन–जन तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। शाखा की ओर से मीडिया को उनके सतत सहयोग एवं समर्थन के लिए हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावशाली संचालन सीए चंदनी दुबे एवं सीए विशाल अग्रवाल द्वारा किया गया, जिन्होंने अपनी सजीव एंकरिंग से कार्यक्रम को अत्यंत रोचक बनाया।
आईसीएआई रायपुर की प्रबंध समिति से सीए विकास गोल्छा (अध्यक्ष), सीए रश्मि वर्मा (उपाध्यक्ष), सीए रवि जैन (सचिव), सीए संस्कार अग्रवाल (कोषाध्यक्ष), सीए ऋषिकेश यादव (सीआईसीएएसए अध्यक्ष), सीए शीतल काला (महिला समिति अध्यक्ष) तथा सीए आयुषी गर्ग (जीएमसीएस अध्यक्ष) विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त आईसीएआई रायपुर के अनेक पूर्व अध्यक्ष, जीएसटी एवं आयकर विभाग के अधिकारीगण, विभिन्न पेशेवर एवं व्यापारिक संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में सदस्य एवं विद्यार्थी कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।
कार्यक्रम का समापन सकारात्मक संदेश, ठहाकों और मुस्कुराते चेहरों के साथ हुआ, जिसे उपस्थित सभी लोगों ने अत्यंत सराहनीय एवं यादगार बताया।




