
प्रकृति पोषती जीव, मातृ सम हर क्षण प्यारे।।
बिना किए कुछ चाह, चंद्र सूरज अरु तारे।।
समझोगे कब बात ,वार करना अब रोको।
थम जाएगी श्वास, चलो जन-जन को टोको।।
काम करो यह अग्र, दिन बीतेंगे न्यारे।।
प्रकृति पोषती जीव, मातृ सम हरक्षण प्यारे।।
धुँआ -धुँआ है आज, धरा का कोना-कोना।
बढ़ा प्रदूषण उच्च, रोग जीवन भर ढोना।
जल्दी विपदा टाल,छा न जाए बादल कारे।।
प्रकृति पोषती जीव, मातृ सम हरक्षण प्यारे।।
जल थल हो या व्योम,
बना हैं विष का प्याला।
लोभी बैठे मौन ।
संत फेरे है माला
रोके कौन विनाश, लोग अपनों से हारे।।
प्रकृति पोषती जीव, मातृ सम हरक्षण प्यारे।।
चुने प्रगति की राह, छाँट भू से हरियाली ।
पृथ्वी हुई कृद्ध, दु:ख मे डूबे माली ।
नदियाँ बदली राह,
देख उद्विग्न खग सारे।
प्रकृति पोषती जीव , मातृ सम हरक्षण प्यारे।।
किरण कुमारी ‘वर्तनी’ जमशेदपुर




