
युवा शक्ति का देश हमारा
युवा रखते ऊँचा स्वाभिमान
बेमिसाल शौर्य और साहस
विश्व विख्यात हैं कीर्तिमान
देश की सीमा पर डटे हुए
चलते कभी अंगारों पर
आपदाओं में जान बचाते
जोखिम उठाते प्राणों पर
स्वामीजी ने उपदेश दिया
फूंका जागृति का शंखनाद
आत्मबल का संचय करना
दिया संदेश कर विजय नाद!
सोई चेतना जगाई स्वामी ने
देश-विदेश में गूँजी वाणी
आत्मतत्त्व का वैभव जाना
युवाओं ने रची नयी कहानी!
जिसने विवेक जगाया मन में
विवेकानंद वह कहलाता
युग पुरुष बन आगे चलता
पथ प्रदर्शक वह बन जाता!
तुम्हारा संदेश सदा हितकारी
प्रेरणा स्त्रोत सभी के लिए
उठो! जागो! रुकना नहीं!
बढ़ो लक्ष्य प्राप्ति के लिए!
मीना जैन इंदिरापुरम गाजियाबाद.




