हिंदी साहित्य के संवेदनशील कवि जयचंद प्रजापति: दलित चेतना और स्त्री विमर्श की प्रखर आवाज

प्रयागराज, 24 जनवरी 2026: दि ग्राम टूडे
हिंदी साहित्य जगत में दलित चेतना, सामाजिक यथार्थ और स्त्री विमर्श की तीखी पड़ताल करने वाले संवेदनशील कवि जयचंद प्रजापति अपनी रचनाओं से गरीबी, शोषण और मानवीय मूल्यों को उजागर कर रहे हैं। इलाहाबाद के हंडिया तहसील के जैतापुर गांव में जन्मे प्रजापति का बचपन गरीबी और कठिनाइयों में बीता, जो उनकी कविताओं में स्पष्ट झलकता है।
सरल-सादगीपूर्ण जीवन और ईमानदारी उनके व्यक्तित्व के प्रमुख गुण हैं।उनकी काव्य-चेतना प्रखर है, जिसमें गरीबों, मजदूरों व शोषितों के पक्ष में नया स्वर गूंजता है। हास्य, व्यंग्य, प्रकृति सौंदर्य और मानवीय संवेदनाओं का अनूठा समावेश उनकी रचनाओं को विशिष्ट बनाता है।
दलित उत्थान और स्त्री अत्याचारों के विरुद्ध संघर्ष इनका मूल स्वर है। प्रमुख रचनाओं में सतत कार्य करने वाले का गीत और मंजिल तलाश गरीबी-शोषण पर करारा प्रहार करते हैं, जबकि करूण हृदय सरलता, उदारता व सच्चाई का मार्मिक चित्रण प्रस्तुत करता है।
प्रजापति कहानीकार तथा व्यंग्यकार के रूप में भी सक्रिय हैं, जहां उनका हास्य-व्यंग्य सामाजिक विद्रूपताओं पर सीधा प्रहार करता है। साहित्य प्रेमी मानते हैं कि उनकी रचनाएं वर्तमान समाज को आईना दिखाती हैं। हिंदी साहित्य की इस महत्वपूर्ण विभूति की लोकप्रियता निरंतर बढ़ रही है।




