अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर चिंतन बैठक: रितु खंडूरी को प्रदेश की सबसे सशक्त महिला माना
रेनू शर्मा

लक्सर/अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर “रानी झांसी मिशन” महिला संगठन की चिंतन बैठक में महिला अधिकार, सामाजिक समानता,स्वावलंबन शिक्षा के अधिकार सहित महिला उत्थान के अनेक विषयों पर गहन चिंतन किया गया तथा उत्तराखंड में महिलाओ की आदर्श एवं सबसे सशक्त महिला,विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूरी भूषण को चयनित किया गया है।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित “रानी झांसी मिशन” महिला संगठन की कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की अध्यक्ष रेनू शर्मा ने कहा कि कहने के लिए समाज आधुनिक हो गया है किंतु महिलाओं का उत्पीड़न और उनके साथ भेदभाव लगातार जारी है।
समाज के ठेकेदारों को सचेत करते हुए उन्होंने कहा कि आधी आबादी की उपेक्षा करके देश को कभी भी सुपर पावर नहीं बनाया जा सकेगा। अगर देश को विकसित बनाना है तो आधी आबादी को सामाजिक समानता, शिक्षा का अधिकार, स्वावलंबन तथा राजनीतिक रूप से बराबर के अधिकार देने अति अवशयक है।
रेनू शर्मा ने आगे कहा कि यह बात बिल्कुल सच है कि महिलाओं ने प्रत्येक क्षेत्र में अपना पराक्रम दिखाया है लेकिन अफसोस की बात है कि महिलाओं को पुरुषो के बराबर सम्मान अभी भी प्राप्त नहीं हुआ है।
महिलाओं का आह्वान करते हुए अध्यक्ष ने कहा कि जब तक महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक क्षेत्र में बराबर का अधिकार नहीं मिलेगा तब तक महिलाओं के अधिकारों की लड़ाई जारी रहेगी, महिलाओं के प्रति होने वाली हिंसा, दुर्व्यवहार को अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में उत्तराखंड विधानसभा की प्रथम महिला अध्यक्ष रितु खंडूरी भूषण जी को महिलाओं की आदर्श एवं उत्तराखंड की सबसे सशक्त महिला के रूप में सर्वसम्मति से चयनित किया गया।
महिलाओं को सशक्त एवं समाज में बराबर का सम्मान दिलाने के लिए संगठन द्वारा जल्दी विधानसभा अध्यक्ष रितु खण्डूरी भूषण जी से महिलाओं के प्रतिनिधिमंडल द्वारा भेंट कर एक मांग पत्र दिया जाएगा।




