वरिष्ठ पत्रकार मणिमाला शर्मा सम्मानित

जयपुर।राजस्थान विधानसभा और राजस्थान प्रवासी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह में वरिष्ठ पत्रकार मणिमाला शर्मा को पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया।

राजस्थान विधानसभा भवन में आयोजित समारोह में मणिमाला शर्मा को सांसद मंजू शर्मा ने शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे । उन्होंने महिला दिवस के अवसर पर प्रदेश की सभी नारी शक्ति को नमन करते हुए कहा कि आज देश में हर क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ गई है जो कि उनके सशक्त व्यक्तित्व की पहचान है ।

उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित राज्यमंत्री मंजू बाघमार ,जयपुर सांसद मंजू शर्मा सहित सभी महिला विधायकों और प्रशासनिक सेवा की वरिष्ठ महिला अधिकारियों के कार्यों की सराहना करते हुए उनका स्वागत व सम्मान किया। फाउंडेशन की प्रबंध निदेशक प्रीति चारण ने बताया कि महिला दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले इस समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रदेश की विशिष्ट महिलाओं को सम्मानित किया जाता है। इस बार राज्य विधानसभा की महिला विधायक, पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता, और महिला प्रशासनिक अधिकारियों को सम्मानित किया गया।



