बिहार

समृद्धि फाउंडेशन ने जरूरतमंद बहन की शादी का उठाया जिम्मा, गृहस्थी का संपूर्ण सामान कराई भेंट

  1. रिपोर्ट : कुमार संदीप

मुजफ्फरपुर। समाज सेवा और मानवीय मूल्यों के प्रति अपनी निरंतर प्रतिबद्धता निभाते हुए समृद्धि फाउंडेशन, मुजफ्फरपुर ने एक जरूरतमंद बहन की शादी में उल्लेखनीय सहयोग देकर सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। संस्था ने न केवल आर्थिक सहयोग प्रदान किया, बल्कि नए गृहस्थ जीवन की सुखद शुरुआत के लिए आवश्यक घरेलू एवं वैवाहिक सामग्री भी सम्मानपूर्वक भेंट की।

समृद्धि फाउंडेशन द्वारा दुल्हन को 21 साड़ियां, एक आकर्षक भारी लहंगा, ज्वेलरी सेट, चांदी की पायल, बिछिया, सोने की नथिया सहित अनेक आवश्यक उपहार दिए गए। इसके अतिरिक्त गृहस्थी की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए मिक्सी, आयरन, बाल्टी सेट, चुनरी, ट्रॉली बैग, संपूर्ण मेकअप किट तथा खाद्य सामग्री के रूप में एक बोरी चावल और एक बोरी आटा भी उपलब्ध कराया गया। संस्था के इस सहयोग से जरूरतमंद परिवार के चेहरे पर खुशी और संतोष साफ दिखाई दिया।

इस अवसर पर समृद्धि फाउंडेशन की संस्थापिका स्मृति सिंह ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल सहायता प्रदान करना नहीं, बल्कि समाज के वंचित एवं जरूरतमंद लोगों के जीवन में सम्मान, आत्मविश्वास और खुशियां लाना है। उन्होंने कहा कि समृद्धि फाउंडेशन वर्षों से निस्वार्थ भाव से शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सेवा के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रहा है। भविष्य में भी यदि किसी जरूरतमंद बहन को सहायता की आवश्यकता होगी तो संस्था हर संभव सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहेगी।

उन्होंने समाज के सक्षम एवं जागरूक लोगों से भी अपील की कि वे जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए आगे आएं, ताकि किसी बेटी या बहन की शादी आर्थिक अभाव के कारण बाधित न हो। उनका मानना है कि सामाजिक सहभागिता और संवेदनशीलता ही एक सशक्त एवं समरस समाज की नींव है।

इस सेवा कार्य को सफल बनाने में संस्था के अनेक सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम में प्रभात कुमार ठाकुर, विशाल चंद्रवंशी, राहुल शर्मा, नवजीत सिंह, अभिषेक राज, पूजा कुमारी, तुलसी सिंह, वेद प्रकाश, सुमीत, गौतम और भोलू सागर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने नवविवाहित दंपति को सुखद, सफल एवं समृद्ध वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समृद्धि फाउंडेशन का यह सराहनीय प्रयास यह संदेश देता है कि समाज में आज भी ऐसे लोग और संस्थाएं मौजूद हैं, जो निस्वार्थ सेवा के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों के जीवन में नई उम्मीद और मुस्कान लाने का कार्य कर रहे हैं।

Kumar Sandeep

बिहार राज्य के मुजफ्फरपुर जिला अंतर्गत सिमरा गांव का एक सामान्य परिवार में जन्मा एक युवा साहित्यकार, विद्यार्थियों का गुरू, व अपने अभिभावक का संस्कारी संतान।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!