
अहरौला।राजकीय महिला महाविद्यालय समदी में उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार संचालित मिशन शक्ति पंचम फेज के द्वितीय चरण के अंतर्गत आर्थिक स्वावलम्बन विषय पर लघु वार्ता आयोजित हुयी। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य प्रो. महेन्द्र प्रकाश ने कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं का आर्थिक रूप से स्वतंत्र होना समाज की प्रगति के लिए अनिवार्य है। शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनना है। यह चरण उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहीं छात्राओं को उद्यमिता और स्वरोजगार के प्रति जागरूक करने की दिशा में एक सशक्त कदम है। मिशन शक्ति प्रभारी डा. कंचन यादव ने छात्राओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं, लघु उद्योगों और डिजिटल कौशल के माध्यम से आय सृजन के तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वावलम्बन से महिला अधिकार की उपादेयता समाज में बढ़ जाती है। वार्ता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक डा. प्राणनाथ सिंह यादव, डा. प्रज्ञानन्द प्रजापति, डा. अनिल कुमार तिवारी, डा. राकेश कुमार यादव, वरिष्ठ कार्यालय सहायक अदिति सिंह चौहान उपस्थित रहीं।
