यूपी

डीएम ने जताई सख्त नाराजगी, तीन दिन में जांच रिपोर्ट तलब

तहसील दिवस में गूंजा ददरा-कूड़ी सम्पर्क मार्ग में घटिया निर्माण का मामला

मिर्जापुर।मण्डी समिति द्वारा कराए जा रहे ददरा से भैसा खाद बस्ती होते हुए कूड़ी सम्पर्क मार्ग के लेपन कार्य में गम्भीर अनियमितता और मानक विहीन निर्माण का मामला तहसील समाधान दिवस में प्रमुखता से उठा। ग्राम प्रधान रमेश कुमार यादव के नेतृत्व में पहुंचे ग्रामीणों ने जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार को प्रार्थना पत्र देकर निर्माण कार्य में बड़े पैमाने पर लापरवाही और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। सड़क पर डाली गई गिट्टियां इतनी कमजोर हैं कि हाथ और पैर से हल्का दबाव पड़ते ही उखड़ने लग रही हैं। कई स्थानों पर तारकोल की परत नाम मात्र की दिखाई दे रही है तथा नीचे की पुरानी सोलिंग बाहर निकल आई है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में न तो समुचित पानी का छिड़काव कराया गया और न ही गिट्टियों की सही तरीके से कुटाई की गई, जिससे पहली बरसात में ही सड़क उखड़ने की आशंका है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि ठेकेदार के कर्मचारियों द्वारा मानकों को दरकिनार कर जल्दबाजी में कार्य कराया जा रहा है।
ग्रामीणों की शिकायत पर एक दिन पूर्व खण्ड विकास अधिकारी वीरेन्द्र कुमार वर्मा ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया था। निरीक्षण में उन्हें भी निर्माण कार्य में गम्भीर खामियां मिलीं, जिसकी रिपोर्ट मुख्य विकास अधिकारी को भेजी गई है।
तहसील समाधान दिवस में मामले को गम्भीरता से लेते हुए जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने उप जिलाधिकारी मड़िहान अनेग सिंह को तीन दिनों के भीतर जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इस दौरान सम्बन्धित विभाग के अधिकारी सभागार में अनुपस्थित पाए गए, जिस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। डीएम की सख्ती के बाद सम्बन्धित विभाग में हड़कम्प मचा हुआ है तथा जांच के बाद जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार पर कार्रवाई की सम्भावना जताई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!