राष्ट्रीय युवा योजना, बिहार द्वारा जी बी एम अकादमी में गांधी जी की पुण्यतिथि शांति व श्रद्धा के साथ मनाई गई
कुमुद रंजन सिंह

पटना। राष्ट्रीय युवा योजना, बिहार के तत्वावधान में आज पटना स्थित जी बी एम अकादमी में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि अत्यंत शांति और श्रद्धामय वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई।

इस अवसर पर राष्ट्रीय युवा योजना, बिहार के सचिव नीरज काँस्यकार ने सर्वधर्म प्रार्थना कराते हुए महात्मा गांधी के जीवन से जुड़ी प्रेरक घटना को साझा किया। उन्होंने बताया कि एक बार अमेरिका यात्रा के दौरान एक माँ अपने बच्चे को गांधी जी के पास लाई और शिकायत की कि बच्चा बहुत अधिक मीठा खाता है। तब गांधी जी ने माँ से बच्चे को 15 दिन बाद लाने को कहा। 15 दिन बाद उन्होंने बच्चे को मीठा कम खाने की सलाह दी। जब माँ ने देरी का कारण पूछा तो गांधी जी ने कहा कि “15 दिन पहले तक मैं स्वयं मीठा खाता था, इसलिए पहले खुद पर अमल किया, फिर दूसरों को उपदेश दिया।”

नीरज काँस्यकार ने कहा कि गांधी जी हर बात को कहने से पहले अपने जीवन में अपनाते थे, इसी कारण उनके विचार समाज पर गहरा प्रभाव डालते थे। आज के युवाओं और समाज के लिए भी यही संदेश है कि जो बात हम दूसरों से कहते हैं, उस पर पहले स्वयं अमल करें।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने भी महात्मा गांधी की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गांधी जी ने वकालत की पढ़ाई करने के बाद सांसारिक सुखों का त्याग कर समाज और देश के लिए जीवन समर्पित किया। वे भगवद्गीता से प्रेरणा लेते थे और उसे सदैव अपने साथ रखते थे।
अंत में महात्मा गांधी के एकादश व्रतों का संकल्प विद्यालय की प्राचार्या, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं उपस्थित सदस्यों द्वारा दोहराया गया। इसके उपरांत बच्चों के बीच पेंसिल एवं रबर का वितरण कर कार्यक्रम का समापन किया गया।
इस प्रार्थना सभा में विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती शुबी चंद, शिक्षक आकाशी, रुक्सार, अदीबा, मुस्कान, मोनी सहित छात्र-छात्राओं आइसा, आराध्या, रौशन, प्रियांशु, राज आदि का महत्वपूर्ण योगदान रहा।




