
मीरजापुर।राजगढ़ विकासखंड में किसानों को प्राकृतिक आपदाओं जैसे सूखा, बाढ़ और बिजली गिरने से होने वाले नुकसान से बचाने तथा उन्हें जागरूक करने के लिए एक विशेष अभियान शुरू किया गया है। किसके साथ राजगढ़ की 15 ग्राम पंचायत में विशेष जागरूकता कैंप आयोजित किए गए।
इन कैंपों में किसानों को आपदा से निपटने और उन्नत कृषि तकनीक की विस्तृत जानकारी दी गई। आगामी 7 जुलाई को विकासखंड की सभी ग्राम पंचायत में एक साथ बड़े पैमाने पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि प्रत्येक किसान तक आपदा में भी बेहतर खेती करने के तौर तरीके पहुंचाए जा सके।
सहायक विकास अधिकारी कृषि संतोष कुमार कुशवाहा ने ग्राम पंचायत बिशनपुरा और निकरिका का दौरा किया। उन्होंने ग्रामीणों और किसानों के साथ विशेष बैठकर की और व्यापक प्रचार प्रसार करते हुए उन्हें आगामी कार्यक्रमों के लिए आमंत्रित किया।
कुशवाहा ने किसानों को समझाया कि मौसम के बदलते मिजाज और आपदाओं के बीच भी समझदारी और सही तकनीक अपना कर न केवल फसलों को बचाया जा सकता है बल्कि अच्छी पैदावार भी हासिल किया जा सकता है।
कैंप और बैठकों के माध्यम से कृषि विशेषज्ञों द्वारा किसानों को कई महत्वपूर्ण बिंदु अपने की सलाह दी। इनमें पानी की बचत करने वाली फसलों को शामिल करने तथा धान की पारंपरिक रोपाई के बजाय सीधी बोवाई अपनाने को कहा गया, जिससे पानी और श्रम दोनों की भारी बचत होती है। साथ ही धान की ऐसी किस्म का उपयोग करने की सलाह दी गई जो कम दिनों में पककर तैयार हो जाती है।
सूखे की स्थिति से निपटने और पशुओं के चारे का समय पर प्रबंधन करने के लिए मोटा अनाज की खेती को बढ़ावा देने की बात कही गई। किसानों को अनिवार्य रूप से अपनी फसलों का बीमा कराने के लिए भी प्रेरित किया।
कृषि विभाग ने विकासखंड राजगढ़ के सभी किसानों से अपील की है कि वे 7 जुलाई को अपने-अपने ग्राम पंचायत में आयोजित होने वाले इस महा अभियान में बढ़ चढ़कर हिस्सा लें और सरकारी योजनाओं आधुनिक कृषि तकनीक का लाभ उठाएं।



