नेशनल टीचर्स अवार्ड 2026 में डाॅ. शिवेश्वर दत्त पाण्डेय सम्मानित
डाॅ. अजीत कुमार चौहान,बसंती दीप शिखा समेत अन्य अतिथि साहित्य सेवी सम्मान और गंगा सेवी सम्मान से सम्मानित

दि ग्राम टुडे/संवाददाता
वाराणसी। डाॅ. राधाकृष्णन टीचर्स सेल्फ हेल्प ग्रुप के तत्वावधान में आयोजित नेशनल टीचर्स अवार्ड 2026 समारोह अंतर विश्वविद्यालय शिक्षक शिक्षा केन्द्र, वाराणसी के सभागार में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में शिक्षा, साहित्य एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक विशिष्ट जन उपस्थित रहे।

समारोह में दि ग्राम टुडे प्रकाशन समूह के समूह सम्पादक एवं दिव्य गंगा सेवा मिशन के राष्ट्रीय समन्वयक डाॅ. शिवेश्वर दत्त पाण्डेय को संस्था की ओर से विशेष आमंत्रित अतिथि के रूप में अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। उपस्थित अतिथियों ने उनके पत्रकारिता, साहित्य और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में योगदान की सराहना की।
इस अवसर पर डाॅ. शिवेश्वर दत्त पाण्डेय ने दि ग्राम टुडे एवं दिव्य गंगा सेवा मिशन की ओर से संस्था के संस्थापक डाॅ. अजीत कुमार चौहान, मुख्य अतिथि प्रो. प्रेम नारायण सिंह, अतिथि डाॅ. राजीव सिंह नयन, निदेशक भोला सिंह, कोषाध्यक्ष प्रमोद पाल, कार्यक्रम प्रबंधक संतोष माने तथा वरिष्ठ साहित्यकारा एवं शिक्षिका बसंती दीप शिखा को सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा जगत में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। समारोह में शिक्षा, साहित्य एवं सामाजिक सरोकारों पर विचार-विमर्श हुआ तथा शिक्षकों की भूमिका को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताया गया। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।




