E-Paperhttps://thegramtoday.in/wp-content/uploads/2024/01/jjujuu.gif

मां के नाम पर गूंजेगा ‘मां देवव्रती शिक्षण संस्थान’, निःशुल्क कोचिंग के लिए हुआ भूमिपूजन

भूमिपूजन करते हुए लोग

अहरौला। क्षेत्र के महुवारा गांव में निःशुल्क शिक्षण व कोचिंग की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए समाजसेवी कारोबारी राजमणि यादव ने अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए विधिवत भूमिपूजन कराया। इससे पहले वह अपने पैतृक दो मंजिला करोड़ों रुपये मूल्य के मकान को समाज के लिए समर्पित कर चुके हैं, जहां वर्तमान में सैकड़ों बच्चे निःशुल्क शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में राजमणि यादव के पिता रामयश यादव व राजकिशोर यादव ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अतिरिक्त कक्ष के निर्माण हेतु भूमि पूजन संपन्न कराया। संस्थान में पहले 230 बच्चे अध्ययनरत थे, जिसकी संख्या बढ़कर अब जूनियर स्तर तक 340 पहुंच गई है। बढ़ती संख्या को देखते हुए नए कक्ष का निर्माण कराया जा रहा है।

निशुल्क शिक्षा प्राप्त करने वाले बच्चे

राजमणि यादव ने बताया कि बचपन में ही उनकी माता का निधन हो गया था। आर्थिक तंगी के बीच उन्होंने कठिन परिस्थितियों में पढ़ाई की। उन्होंने कहा कि आज जो कुछ भी हैं, वह मां के आशीर्वाद से हैं। अपनी मां की स्मृति में संस्थान का नाम ‘मां देवव्रती शिक्षण संस्थान’ रखा गया है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि अब यही संस्थान उनकी मां का स्वरूप होगा।

उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य बेसिक शिक्षा नियमावली के अनुरूप कराया जा रहा है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा हाल ही में निरीक्षण भी किया जा चुका है। अप्रैल माह तक भवन निर्माण पूर्ण करने का लक्ष्य है तथा मान्यता संबंधी सभी औपचारिकताएं विधिवत पूरी की जा रही हैं।

आगे की योजना के तहत प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को आईएएस, पीसीएस जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी निःशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराने की रणनीति तैयार की गई है। वहीं कोचिंग संस्थान पर पढ़ाई कर रही ब्यूटी गुप्ता महक गुप्ता, आस्था यादव सहित सभी बच्चों ने बताया कि हम सब गरीब परिवार से आते हैं इस तरह की निःशुल्क पढ़ाई से हम लोग की पढ़ाई बाधित नहीं होगी वहीं अध्यापकों ने बताया की बच्चों को निःशुल्क कोचिंग पढाकर आत्मसंतुष्टि मिलती है इस अवसर पर राजकिशोर यादव, शेषनाथ यादव, जिला पंचायत सदस्य विजय बहादुर सिंह, संतोष सिंह सहित संस्थान से जुड़े शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!