भीषण गर्मी और लू से बचाव हेतु जागरूकता अभियान चलाने की अपील

गोरखपुर, 20 मई। भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान को देखते हुए सामाजिक एवं साहित्यिक कार्यकर्ता दिनेश गोरखपुरी ने आमजन से लू एवं हीट-स्ट्रोक से बचाव के लिए जागरूक रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में थोड़ी सावधानी और वैज्ञानिक जानकारी अपनाकर गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचा जा सकता है।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार जब तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक तथा सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक हो जाता है, तब लू की स्थिति मानी जाती है। गोरखपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने की संभावना है। सुबह के समय आर्द्रता 84 प्रतिशत तथा वायु गुणवत्ता सूचकांक 157 रहने से वातावरण अस्वस्थ श्रेणी में बना हुआ है।
दिनेश गोरखपुरी ने बताया कि लू के कारण शरीर का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच सकता है, जिससे हीट-स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने लोगों को प्रतिदिन पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, ORS, नींबू पानी, सत्तू, बेल एवं आम का पन्ना जैसे पेय पदार्थ लेने की सलाह दी। उनका कहना है कि पसीने के माध्यम से शरीर से पानी और आवश्यक लवण निकल जाते हैं, जिनकी पूर्ति अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि तेज धूप में निकलते समय सिर को ढकना चाहिए तथा हल्के रंग के सूती वस्त्र पहनने चाहिए, क्योंकि हल्के रंग सूर्य की ऊष्मा को काफी हद तक परावर्तित करते हैं। दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की भी सलाह दी गई है।
उन्होंने लोगों से खाली पेट न रहने, तरबूज, खीरा, दही और छाछ जैसे हल्के एवं जलयुक्त खाद्य पदार्थों का सेवन करने की अपील की। साथ ही धूप से लौटने के तुरंत बाद अत्यधिक ठंडा पानी पीने, चाय-कॉफी एवं तले-भुने खाद्य पदार्थों के अधिक सेवन से बचने को कहा।
दिनेश गोरखपुरी ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति में तेज बुखार, चक्कर, उल्टी, त्वचा का लाल और सूखा होना अथवा बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई दें तो उसे तुरंत छाया में लिटाकर ठंडी पट्टी करनी चाहिए तथा आवश्यक होने पर तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेनी चाहिए।
उन्होंने आमजन की सुविधा हेतु हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए—
एम्बुलेंस सेवा : 108
मेडिकल हेल्पलाइन : 102
जिला अस्पताल गोरखपुर कंट्रोल रूम : 0551-2336125
आपदा प्रबंधन : 1070 / 1077
मुख्य चिकित्सा अधिकारी, गोरखपुर : 0551-2201792
अंत में उन्होंने कहा कि पेड़ लगाना, पेट्रोल-डीजल की खपत कम करना, कार पूलिंग अपनाना तथा सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करना भी बढ़ती गर्मी और ग्लोबल वार्मिंग से लड़ने का स्थायी उपाय है। उन्होंने लोगों से जागरूक बनकर पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने की अपील की।




