बदायूं की साहित्यकार डॉ. मेघा अग्रवाल को राष्ट्रीय ‘वैश्य मित्र रत्न’ सम्मान
साहित्य एवं समाजसेवा में उल्लेखनीय योगदान पर नई दिल्ली में किया गया सम्मानित

दि ग्राम टुडे/संवाददाता
बदायूं।जनपद बदायूं की सुप्रसिद्ध साहित्यकार डॉ. मेघा अग्रवाल को साहित्य एवं लेखन के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित ‘वैश्य मित्र रत्न’ सम्मान से सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि से जनपद में हर्ष एवं गौरव का वातावरण है।
यह सम्मान अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन के 14वें स्थापना दिवस के अवसर पर नई दिल्ली स्थित मावलंकर ऑडिटोरियम में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में प्रदान किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल तथा विशिष्ट अतिथि दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता ने डॉ. मेघा अग्रवाल को अंगवस्त्र ओढ़ाकर, स्मृति-चिह्न एवं सम्मान-पत्र भेंट कर सम्मानित किया।
अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन के जिलाध्यक्ष नवनीत गुप्ता ‘शोंटू’ ने बताया कि डॉ. मेघा अग्रवाल को उनकी उत्कृष्ट साहित्यिक यात्रा, समाजोन्मुख लेखन तथा हिंदी साहित्य के संरक्षण एवं संवर्धन में दिए गए उल्लेखनीय योगदान के लिए इस राष्ट्रीय सम्मान से अलंकृत किया गया है।
समारोह में देश-विदेश के विभिन्न राज्यों से आए समाजसेवियों, शिक्षाविदों, साहित्यकारों एवं विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर ‘विकसित भारत’ के निर्माण में वैश्य समाज की भूमिका विषय पर व्यापक विचार-विमर्श करते हुए भावी रणनीति भी तैयार की गई।
डॉ. मेघा अग्रवाल को राष्ट्रीय मंच पर मिले इस सम्मान से बदायूं जनपद का गौरव बढ़ा है। उनकी इस उपलब्धि पर विपिन अग्रवाल, अमित वैश्य, राजेश गुप्ता, सर्वेश गुप्ता, अवधेश लड्डा माहेश्वरी, संजय रस्तोगी, कुलदीप वैश्य, प्रतीश गुप्ता, अनुपम गुप्ता, सुजीत गुप्ता एवं अभिषेक अग्रवाल सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




