राधाकृष्णन टीचर सेल्फ हेल्प ग्रुप का मोबाइल ऐप भव्य ऑनलाइन कार्यक्रम में हुआ लॉन्च

कल राधाकृष्णन टीचर सेल्फ हेल्प ग्रुप का मोबाइल ऐप सफलतापूर्वक लॉन्च किया गया। यह कार्यक्रम ऑनलाइन माध्यम से आयोजित किया गया, जिसमें देश-विदेश से बड़ी संख्या में शिक्षकों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम अत्यंत गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के पूर्व शिक्षा मंत्री एवं कृषि मंत्री डॉ. रविंद्र शुक्ला जी रहे। विशेष अतिथि के रूप में न्यूज़ीलैंड से शिक्षाविद एवं लेखक रोहित कुमार हैप्पी तथा शिक्षाविद एवं लेखक डॉ. राजीव कुमार सिंह ऑनलाइन रूप से जुड़े। मुख्य अतिथि डॉ. रविंद्र शुक्ला जी ने संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए इसे शिक्षकों के भविष्य के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता समूह के संस्थापक डॉ. अजीत कुमार चौहान ने की तथा कार्यक्रम का संचालन समूह के मैनेजर संतोष माने जी ने किया। इस अवसर पर संस्था के निदेशक भोला सिंह, ट्रेजरर प्रमोद पाल, प्रो. धनंजय कुशवाहा, तेलंगाना स्टेट इंचार्ज बबीता चक्किला, टीम के सलाहकार डॉ. इंद्रजीत कुमार सिंह, गंगा पचौरी,इंटरनेशनल आउटरीच को-ऑर्डिनेट कोऑर्डिनेटर डॉक्टर शिप्रा सिंह सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य देश-विदेश से ऑनलाइन माध्यम द्वारा उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में डॉ. अजीत कुमार चौहान ने बताया कि समूह का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों का आर्थिक, सामाजिक एवं शैक्षिक सशक्तिकरण करना है। उन्होंने बताया कि समूह के किसी सदस्य की असामयिक मृत्यु होने पर उसके परिवार को 40 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने का प्रावधान है। साथ ही शिक्षकों को शैक्षिक रूप से सुदृढ़ बनाने के लिए नियमित रूप से वेबिनार, कार्यशालाएं एवं विषयवार समूहों के माध्यम से मार्गदर्शन एवं संदेह निवारण किया जाता है।
वहीं संस्था के निदेशक भोला सिंह ने मोबाइल ऐप की विशेषताओं की जानकारी देते हुए बताया कि सदस्य प्ले स्टोर पर “RKTSHG” सर्च कर ऐप डाउनलोड कर सकते हैं। इस ऐप के माध्यम से समूह से जुड़ी सभी जानकारियां एवं सेवाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगी।
कार्यक्रम का समापन शिक्षकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ।