सरहद के सिपाही जैसे जज़्बे के साथ काम करते मेडिकल रिप्रजेंटेटिव
मेहनत, दबाव और त्याग के बीच खड़ा एक अनदेखा पेशा

सुप्रिया
डेस्क/दवा उद्योग की चमकदार दुनिया के पीछे एक ऐसा पेशा भी है जो लगातार संघर्ष, अनुशासन और त्याग पर टिका है — मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर)। जिस तरह सरहद पर सैनिक देश की सुरक्षा में डटे रहते हैं, उसी तरह मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव स्वास्थ्य व्यवस्था की जमीनी कड़ी के रूप में दवा कंपनियों और डॉक्टरों के बीच अहम पुल का काम करते हैं। उनकी जिंदगी निरंतर भागदौड़, लक्ष्य के दबाव और निजी त्याग की कहानी बयां करती है।
एक सामान्य दिन में एक एमआर को कम से कम 7 से 10 डॉक्टरों और लगभग 5 केमिस्टों से मिलना होता है। भारी बैग के साथ उन्हें चिलचिलाती धूप, बारिश या कड़ाके की ठंड में भी एक क्लिनिक से दूसरे क्लिनिक तक समय पर पहुँचना पड़ता है। समय की पाबंदी इतनी सख्त होती है कि कुछ मिनट की देरी भी उनकी डिजिटल रिपोर्टिंग प्रणाली को प्रभावित कर सकती है।
डॉक्टरों से मुलाकात के लिए अक्सर उन्हें घंटों क्लीनिक या अस्पतालों के बाहर इंतजार करना पड़ता है। इस दौरान भोजन और आराम का समय अनिश्चित हो जाता है। देर शाम तक रिपोर्टिंग और प्रतिदिन 100 से 150 किलोमीटर तक की यात्रा के कारण वे परिवार और बच्चों को पर्याप्त समय नहीं दे पाते, जिससे निजी जीवन प्रभावित होता है।
इस पेशे में मानसिक दबाव भी कम नहीं है। कंपनी द्वारा निर्धारित मासिक बिक्री लक्ष्य को पूरा करना हर एमआर के लिए बड़ी चुनौती होता है। लक्ष्य अधूरा रहने पर वेतन कटौती या नौकरी अस्थिर होने की चिंता बनी रहती है। इसके साथ-साथ उन्हें नई दवाओं, रिसर्च और उनके प्रभावों की लगातार जानकारी रखनी पड़ती है ताकि डॉक्टरों के सवालों का सटीक जवाब दे सकें।
दिनभर बाइक या सार्वजनिक परिवहन से यात्रा करने के कारण दुर्घटना का जोखिम, थकान और अनियमित खान-पान भी उनके स्वास्थ्य पर असर डालते हैं। लगातार भागदौड़ के कारण समय पर भोजन न मिल पाना एक सामान्य समस्या है।
वेतन के मामले में भी जमीनी हकीकत चुनौतीपूर्ण है। जहाँ एक फ्रेशर एमआर के लिए आदर्श वेतन 20 से 36 हजार रुपये माना जाता है, वहीं वास्तविकता में कई स्थानों पर शुरुआती वेतन 13 से 15 हजार रुपये के बीच रहता है। छह वर्ष या उससे अधिक अनुभव के बाद भी कई कर्मियों की आय 30 से 40 हजार रुपये तक ही सीमित रह जाती है। इतनी कठिन परिस्थितियों के बावजूद नौकरी की स्थिरता हमेशा सुनिश्चित नहीं होती।
विशेषज्ञों का मानना है कि मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव केवल बिक्री कर्मी नहीं, बल्कि स्वास्थ्य तंत्र के सक्रिय सहभागी हैं। उनकी मेहनत दवाओं की सही जानकारी को डॉक्टरों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। चुनौतियों से भरे इस पेशे के बावजूद, समर्पण और कौशल के बल पर यह क्षेत्र युवाओं के लिए अवसरों के दरवाजे भी खोलता है।
सुप्रिया, मॉडरेटर
नेशनल जर्नलिस्ट एसोसिएशन।



