नेशनल कन्या इंटर कॉलेज, खानपुर का शानदार परीक्षा परिणाम, छात्राओं ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन
खानपुर। नेशनल कन्या इंटर कॉलेज, खानपुर में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा के परिणाम अत्यंत उत्साहजनक रहे। हाईस्कूल में अक्षिता भाटी तथा इंटरमीडिएट में दीपिका मित्तल ने विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को विद्यालय प्रबंधक द्वारा सम्मानित किया गया।
विद्यालय के प्रबंधक डॉ. घनश्याम गुप्ता एवं प्रभारी प्रधानाचार्य कैप्टन रविन्द्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष हाईस्कूल का परीक्षा परिणाम 99 प्रतिशत तथा इंटरमीडिएट का परिणाम 95 प्रतिशत रहा, जो विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को दर्शाता है।
हाईस्कूल परीक्षा में अक्षिता भाटी ने 86 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। साक्षी देवी ने 84.8 प्रतिशत अंक के साथ द्वितीय तथा खुशी ने 82.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा में दीपिका मित्तल ने 84.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। छवि ने 81 प्रतिशत अंक के साथ द्वितीय तथा भावना ने 78.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान हासिल किया।
विद्यालय प्रशासन ने सभी सफल छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके परिश्रम एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन की सराहना की।




