पानापुर के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में दीक्षांत समारोह, मेधावी छात्र-छात्राओं का हुआ सम्मान

पानापुर (सारण)। प्रखंड क्षेत्र के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बसहियाँ पानापुर में भव्य दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता प्रधानाध्यापिका कुमारी मंजू मानस ने की। समारोह में इंटरमीडिएट एवं बोर्ड परीक्षाओं में प्रथम से दसवें स्थान तक उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के साथ-साथ बिहार दिवस के अवसर पर खेलकूद में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मोमेंटो, मेडल एवं मिठाई देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में बीडीओ आनंद पांडेय एवं थानाध्यक्ष संजीत कुमार उपस्थित रहे। साथ ही क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिक रमेश जी, विद्यालय समन्वयक एवं सीआरसी के सभी शिक्षकगण भी कार्यक्रम में शामिल हुए। अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह की शोभा बढ़ाई तथा विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
समारोह का शुभारंभ गणेश वंदना, स्वागत गीत एवं सरस्वती वंदना से हुआ। इसके बाद कक्षा 10 के छात्र शुभम कुमार एवं उनकी टीम ने “जियो जिया हो बिहार के लाल” गीत पर मनमोहक प्रस्तुति दी। वहीं कक्षा 10 के ही छात्र नागेंद्र कुमार ने गणेश स्तुति पर अपने नृत्य से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया, जिसकी मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने सराहना की।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि बीडीओ आनंद पांडेय ने कहा कि शिक्षा समाज को नई दिशा देने का सशक्त माध्यम है और शिक्षक राष्ट्र निर्माण की नींव हैं। वहीं थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम एवं सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर रहने की प्रेरणा दी तथा समाज में जागरूक नागरिक बनने का संदेश दिया।
विद्यालय परिवार की ओर से नागेंद्र कुमार (कक्षा 10) को सर्वाधिक मोमेंटो प्राप्त कर विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जबकि शिवम कुमार कक्षा 10 में द्वितीय स्थान पर रहे। इन छात्रों ने विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनमें विशाल यादव, शुभम कुमार, अखिलेश कुमार, सुनीति कुमारी, श्वेता कुमारी, प्रिया, सरिता कुमारी, सोनी, जुगेश यादव, आलोक, कृष्ण मोहन, प्रियंका कुमारी सहित अन्य विद्यार्थियों का विशेष योगदान रहा।
अंत में प्रधानाध्यापिका कुमारी मंजू मानस ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम में हुई त्रुटियों के लिए क्षमा याचना की तथा भविष्य में विद्यालय को और बेहतर बनाने का संकल्प दोहराया।


