आटो में बैठी बुजुर्ग महिला का मंगलसूत्र चोरी, ग्रामीणों ने चार महिलाओं को पकड़ा
अहरौला। थाना क्षेत्र के माहुल नगर पंचायत से एक बुजुर्ग महिला टेंपो में सवार होकर फुलवरिया आ रही थीं। उसी टेंपो में चार अन्य महिलाएं भी सवार थीं। लगभग तीन किलोमीटर चलने के बाद चारों महिलाएं राजाराम नगर के पास टेंपो से उतर गईं। इसी दौरान बुजुर्ग महिला के गले से मंगलसूत्र गायब हो गया।बुजुर्ग महिला को शक उन्हीं चार महिलाओं पर हुआ। महिला जब फुलवरिया बाजार में टेंपो से उतरीं तो करीब पांच मिनट बाद वही चारों महिलाएं दूसरे टेंपो से वहां पहुंचीं। उन्हें देखते ही बुजुर्ग महिला ने शोर मचाया। शोर सुनकर बाजार के लोग और ग्रामीण मौके पर जुट गए और चारों महिलाओं को पकड़ लिया।बताया जाता है कि पकड़ी गई महिलाओं में से एक के पास लेडीज हैंडबैग था। ग्रामीणों ने बैग की तलाशी ली तो उसमें से टूटा हुआ मंगलसूत्र बरामद हुआ। इसके बाद किसी ने डायल 112 और थाना पुलिस को सूचना दी।कुछ देर बाद डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन लोगों के अनुसार पुलिसकर्मी गाड़ी में बैठकर ही कागजी कार्रवाई करते रहे। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग महिलाओं को घेरकर वीडियो बनाने लगे और कुछ लोगों द्वारा महिलाओं के साथ हाथापाई भी की गई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।घटना की सूचना मिलने पर बाद में थाना अहरौला के उप निरीक्षक नितीश चौबे महिला कांस्टेबल के साथ मौके पर पहुंचे और चारों महिलाओं को भीड़ से निकालकर अपने कब्जे में लेते हुए थाने ले गए। बरामद मंगलसूत्र को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस पकड़ी गई महिलाओं से पूछताछ कर रही है।पीड़ित महिला की पहचान सुभावती देवी (65) पत्नी स्व. रामलखन निवासी खानपुरचंदू थाना अहरौला के रूप में हुई है।डायल 112 की लापरवाही पर उठे सवाल फुलवरिया बाजार में हुई इस घटना के दौरान डायल 112 की कार्यशैली को लेकर भी लोगों में नाराजगी देखी गई। लोगों का आरोप है कि पुलिस मौके पर पहुंचने के बाद भी काफी देर तक गाड़ी में बैठी रही, जबकि भीड़ द्वारा पकड़ी गई महिलाओं के साथ हाथापाई हो रही थी। बताया जाता है कि मौके पर मौजूद एक कांस्टेबल की वर्दी पर नेम प्लेट भी नहीं लगी थी, जिसे लेकर भी चर्चा होती रही।इस संबंध में क्षेत्राधिकारी बुढनपुर कौस्तुभ त्रिपाठी ने कहा कि मामला गंभीर है। सार्वजनिक स्थान पर सुरक्षा में इस तरह की चूक नहीं होनी चाहिए। पूरे प्रकरण की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।



