सफाई कर्मियों की समस्याओं को लेकर राजगढ़ ब्लॉक संगठन ने सौंपा 4 सूत्रीय ज्ञापन

मीरजापुर(राजगढ़)।स्थानीय विकास खंड राजगढ़ मुख्यालय पर शुक्रवार को सफाई कर्मचारियों की ज्वलंत समस्याओं के समाधान हेतु ब्लॉक संगठन द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक और विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया गया। जिला अध्यक्ष रविंद्र कुमार सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में संगठन के पदाधिकारियों ने खंड विकास अधिकारी और सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) को 4 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष धर्मेंद्र लाल श्रीवास्तव, ब्लॉक मंत्री राम कृपाल और कोषाध्यक्ष अरविंद यादव ने संयुक्त रूप से प्रशासन को चेतावनी दी कि सफाई कर्मचारी लंबे समय से अपनी जायज मांगों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि अगले 15 दिनों के भीतर ज्ञापन में उल्लेखित मांगों का निस्तारण नहीं किया गया, तो ब्लॉक के समस्त सफाई कर्मचारी काम बंद कर धरना प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन की ब्लॉक इकाई के तमाम पदाधिकारी और सदस्य एकजुट नजर आए। इस अवसर पर मुख्य रूप से कमलेश जोशी, राजकुमार, अवध राज, सिद्धार्थ त्रिपाठी, गोपाल और रविंद्र कुमार सिंह, हरिओम, राजकुमारी, नगीना, संगीता आदि रहे। खंड विकास अधिकारी ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों पर नियमानुसार विचार किया जाएगा और संबंधित पटल को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया जाएगा। अब देखना यह है कि प्रशासन 15 दिनों की समय सीमा के भीतर क्या कदम उठाता है।



