साहित्य

जहर बाँट कर क्या तू पाया

डॉ॰ अर्जुन गुप्ता

जहर बाँट कर क्या तू पाया,
चिंतन कर तू मन में।

छेड़-छाड़ करता कुदरत से,
द्रुम को जड़ से काटा।
तटिनी तट से दूर हो चली,
अपशिष्टों से पाटा॥
वसुधा के शृंगार मिट गये,
फैला गरल गगन में।
जहर बाँट कर क्या तू पाया,
चिंतन कर तू मन में॥

नादानी में भूल गया तू,
संरक्षण जीवन का।
नित प्रहार करता कुठार से,
चीरहरण उपवन का॥
सन्नाटा है नित पसरा अब,
जीवन के सर्जन में।
जहर बाँट कर क्या तू पाया,
चिंतन कर तू मन में॥

भौतिकतावादी विकास हित,
कुदरत से नित खेले।
जीवन के अवयव को छेड़े,
पैदा करे झमेले॥
स्फुटन की नित बाट जोहतीं,
नव कलियाँ मधुवन में।
जहर बाँट कर क्या तू पाया,
चिंतन कर तू मन में॥

जीव जगत का हित नित सोचो,
धरणी-धर्म बचाओ।
संदूषण को दूर भगाओ,
वसुधा स्वर्ग बनाओ॥
संचेतन हो अब धरती पर,
सुन्दर संवर्धन में।
जहर बाँट कर क्या तू पाया,
चिंतन कर तू मन में॥

© डॉ॰ अर्जुन गुप्ता ‘गुंजन’
प्रयागराज, उत्तर प्रदेश

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button
error: Content is protected !!