एक घंटा देह को, एक घंटा देश को” के नारे के साथ G.B.M अकादमी में मनाया गया विश्व योग दिवस*
राष्ट्रीय युवा

पटना(कुमुद रंजन सिंह)21 जून 2026,*
विश्व योग दिवस के अवसर पर शनिवार को राष्ट्रीय युवा योजना, बिहार के तत्वाधान में पटना स्थित जी.बी.एम अकादमी में एक घंटे का सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन राष्ट्रीय युवा योजना, बिहार के सचिव नीरज काँस्यकार ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि “आज हम सभी भारतीयों के लिए गौरव और अभिमान का दिन है। योग हमारी प्राचीन संस्कृति और ऋषि-मुनियों की देन है। इसे आज पूरा विश्व स्वस्थ एवं निरोग रहने का सबसे सरल और सटीक माध्यम मान रहा है। दिन-प्रतिदिन लोग योग की ओर आकर्षित हो रहे हैं।”
इस अवसर पर योग गुरु डॉ. एस.एन. सुब्बा राव ‘भाईजी’ के प्रसिद्ध नारे “एक घंटा देह को, एक घंटा देश को” को सभी प्रतिभागियों ने दोहराया और प्रतिदिन एक घंटा योग करने का संकल्प लिया।
योग सत्र की शुरुआत सूक्ष्म व्यायाम से की गई। इसके बाद मधुर संगीत की धुन पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती शुबी चंद के नेतृत्व में छात्रों ने कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी प्राणायाम, पर्वतासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया। विशेषज्ञों ने प्रत्येक आसन के शारीरिक एवं मानसिक लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों के लिए शरबत वितरित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में फिरदौस, नौरीन, कोमल, आदित्य, शिव, आलोक, युवान, गणेश, कार्तिक, स्वाती, सिद्धार्थ सहित कई छात्र-छात्राओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
राष्ट्रीय युवा योजना के पदाधिकारियों ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे।




