
अहरौला।अहरौला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का डिप्टी सीएमओ डॉ. आलेनदर कुमार ने शुक्रवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चल रहे टीकाकरण अभियान की प्रगति की समीक्षा की, जिसमें छोटे बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया जा रहा है। निरीक्षण में कुछ कमियां पाई गईं, जिस पर उन्होंने सीएचसी प्रभारी डॉ. मोहनलाल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान मतलूबपुर ग्राम प्रधान सच्चिदानंद मोदनवाल ने डिप्टी सीएमओ का ध्यान सीएचसी परिसर में संचालित प्रधानमंत्री जनऔषधि केंद्र पर बाहर से दवाइयां मंगाकर मरीजों को दिए जाने की शिकायत की। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र में बिना पंजीकरण के चल रहे अस्पतालों एवं पैथोलॉजी केंद्रों के धड़ल्ले से संचालन का मुद्दा भी उठाया।ग्राम प्रधान ने आरोप लगाया कि कुछ अवैध अस्पतालों व पैथोलॉजी केंद्रों के संचालकों के लोग सीएचसी परिसर में अक्सर घूमते रहते हैं और अस्पताल कर्मियों की मिलीभगत से मरीजों को निजी एवं अवैध अस्पतालों की ओर भेजा जाता है।डिप्टी सीएमओ के निरीक्षण के दौरान कई बिना पंजीकरण के अस्पताल एवं पैथोलॉजी केंद्रों के संचालक भी मौके पर पहुंचे। इस संबंध में पूछे जाने पर डॉ. आलेनदर कुमार ने बताया कि वे लोग पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी लेने आए थे।डिप्टी सीएमओ डॉ. आलेनदर कुमार ने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में संचालित सभी बिना पंजीकरण के अस्पतालों एवं पैथोलॉजी केंद्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस संबंध में लगातार शिकायतें मिल रही हैं और किसी भी अवैध संचालक को बख्शा नहीं जाएगा।