भारत माता अभिनंदन संगठन द्वारा सिलीगुड़ी में वीर बाल बलिदान दिवस का आयोजन

सिलीगुड़ी।
भारत माता अभिनंदन संगठन सिलीगुड़ी शाखा द्वारा ब्राइट अकैडमी, पंजाबीपाड़ा में 26 दिसंबर को वीर बाल बलिदान दिवस श्रद्धा, सम्मान एवं राष्ट्रभाव के साथ मनाया गया। यह आयोजन सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी के वीर पुत्रों की अमर शहादत को समर्पित रहा। कार्यक्रम का नेतृत्व संगठन की राष्ट्रीय प्रभारी श्रीमती ऋतु गर्ग ने किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गुरुद्वारा कमेटी सिलीगुड़ी के परम आदरणीय अध्यक्ष जगमोहन सिंह भोगल जी, उपाध्यक्ष प्यारे सिंह जी, कोषाध्यक्ष सबरजीत सिंह चावला जी एवं जी.एस. वोहरा जी उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में वार्ड नंबर 13 के पार्षद माणिक दा ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। सभी अतिथियों को संगठन का खादा पहनाकर सम्मान किया गया, दीप प्रज्वलन के साथ पुष्प अर्पित कर शहीदों को नमन किया गया।
मुख्य अतिथि जगमोहन सिंह भोगल जी ने अपने संबोधन में कहा कि गुरु गोविंद सिंह जी के वीर बालकों का बलिदान केवल सिख समाज ही नहीं, बल्कि संपूर्ण राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि इतनी अल्प आयु में धर्म, सत्य और देश की रक्षा हेतु दिया गया बलिदान सदैव देशवासियों को साहस, त्याग और देशभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा।
इस अवसर पर बच्चों द्वारा रंग भरो प्रतियोगिता एवं काव्य पाठ प्रस्तुत किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया तथा वीर बालकों के बलिदान का संदेश प्रभावी रूप से जनमानस तक पहुंचाया।
अपने उद्बोधन में संगठन की राष्ट्रीय प्रभारी श्रीमती ऋतु गर्ग ने बताया कि वर्ष 2020 से भारत माता अभिनंदन संगठन द्वारा गुरु गोविंद सिंह जी के वीर पुत्रों को श्रद्धांजलि स्वरूप यह दिवस निरंतर मनाया जा रहा है। उन्होंने संगठन के संस्थापक अध्यक्ष आदरणीय डॉ पी डी मित्तल जी (भिवानी, हरियाणा) का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी प्रेरणा से यह आयोजन आज देशभर में विभिन्न स्थानों पर मनाया जा रहा है।
आर्य समाज से पधारे विशिष्ट अतिथि आचार्य गौरव कुमार आर्य जी ने अपने प्रेरक वक्तव्य के दौरान “जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल” के गगनभेदी नारों से पूरे सभागार को राष्ट्रभक्ति के उत्साह से भर दिया।
कार्यक्रम अध्यक्ष रविंद्र कुमार हवेलिया जी एवं कार्यकारी अध्यक्ष सीमा अग्रवाल के कुशल मार्गदर्शन में आयोजन सफल रहा। मंच संचालन सुनील सिंगल जी द्वारा प्रभावशाली ढंग से किया गया।
कार्यक्रम में समाजसेवी महेंद्र सिंघल जी, कवल जीत सिंह कौर, महेश मित्तल,अर्नांशु शर्मा (गुरुकुल टीम), राजेश शर्मा, लक्ष्मी शर्मा एवं पंजाबीपाड़ा क्षेत्र के विद्यार्थियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया। मनस्वी शर्मा एवं वाणी शाह की देशभक्ति प्रस्तुतियाँ विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। वरिष्ठ साहित्यकार कल्पना सिंह जी द्वारा प्रस्तुत प्रेरक काव्य पाठ ने कार्यक्रम को भावनात्मक ऊँचाई प्रदान की।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी बच्चों को सम्मान पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा जलपान के साथ कार्यक्रम का सफल समापन हुआ।
श्रीमती ऋतु गर्ग द्वारा आयोजन मैं उपस्थित इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया, एवं ब्राइट अकैडमी के सभी स्टाफ एवं शिक्षकों का पूर्ण सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।




