पाँच दिवसीय रेंजर्स निपुण प्रशिक्षण शिविर का आरम्भ

अहरौला।राजकीय महिला महाविद्यालय समदी में सोमवार को पाँच दिवसीय रेंजर्स निपुण प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन हुआ। तीन टोली के चौबीस छात्राओं को निपुण प्रशिक्षण के लिए उनके नामांकन के उपरांत चयनित किया गया। उद्घाटन के अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. महेन्द्र प्रकाश ने छात्राओं को संबोधित किया और रेंजर के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने ने कहा कि वर्ष 1916 में प्रथम भारतीय स्काउट रैली आयोजित की गयी थी। स्वतंत्रता के उपरांत 1950 में भारतीय राष्ट्रीय स्काउट संस्था का निर्माण हुआ, जिसका मुख्यालय नई दिल्ली में है। जिसका मूल उद्देश्य छात्राओं को शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी, आपदा से निपटने व राष्ट्र निर्माण की भावना को बढ़ावा देना है। प्रभारी डा. कंचन ने छात्राओं को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से नेतृत्व क्षमता, टीम वर्क, और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को विकसित करने पर बल दिया। जनपद प्रशिक्षक डा. जयंत पाठक ने छात्राओं को शिविर के दौरान होने वाले प्रशिक्षण के बारे में जानकारी दी। इस दौरान प्राध्यापक डा. राकेश कुमार यादव, डा.अनिल कुमार तिवारी, डा. प्रज्ञानन्द प्रजापति, डा. दिलीप वर्मा उपस्थित रहे।