अनीता सिन्हा ‘बालमन’ की तीन पुस्तकों का आज लोकार्पण, मिलेगा ‘महादेवी वर्मा सम्मान’
दि ग्राम टुडे/संवाददाता
लखनऊ/गोरखपुर, 26 अप्रैल 2026:
लखनऊ की प्रख्यात कवयित्री एवं बाल साहित्यकार अनीता सिन्हा ‘बालमन’ की तीन नई पुस्तकों—‘सफेद कौवा’, ‘बच्चों झूठ मत बोलो’ एवं ‘तितली के पर रंग रंगीले’ का भव्य लोकार्पण समारोह आज सायं 4:30 बजे लखनऊ प्रेस क्लब, लखनऊ में आयोजित किया जाएगा। इन पुस्तकों का प्रकाशन श्री दीप प्रकाशन, गोरखपुर द्वारा किया गया है।
इस गरिमामयी साहित्यिक आयोजन में श्री देव दीप साहित्य संगम, गोरखपुर पटल एवं दीप परिवार के सभी सदस्यों को सादर आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम में विशेष उपस्थिति हेतु श्री दीप साहित्यिक सेवा संस्थान, गोरखपुर के संरक्षक आदरणीय नन्दलाल मणि त्रिपाठी तथा मुख्य ट्रस्टी श्री दिनेश गोरखपुरी गोरखपुर से लखनऊ पधार रहे हैं।
समारोह का मुख्य आकर्षण यह रहेगा कि श्री दीप साहित्यिक सेवा संस्थान द्वारा हिंदी एवं बाल साहित्य में उत्कृष्ट योगदान के लिए कवयित्री अनीता सिन्हा ‘बालमन’ को प्रतिष्ठित ‘महादेवी वर्मा सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा। सम्मान स्वरूप उन्हें प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि अनीता सिन्हा ‘बालमन’ साहित्यिक मंचों पर एक सशक्त और लोकप्रिय हस्ताक्षर हैं। उनकी पुस्तक ‘सफेद कौवा’ में व्यंग्य की धार, ‘बच्चों झूठ मत बोलो’ में नैतिक शिक्षा एवं ‘तितली के पर रंग रंगीले’ में बचपन की सजीव रंगीन दुनिया प्रस्तुत की गई है, जो हर आयु वर्ग के पाठकों को आकर्षित करती हैं।




