कूट रचित दस्तावेज से पशु बीमा एवं बैंक से लोन लेने वाला गिरोह सक्रिय तहसीलदार ने किया जांच

मीरजापुर।राजगढ़ ब्लॉक पशु चिकित्सालय पर कूटरचित दस्तावेज तैयार करके पशु बीमा और बैंकों से ऋण दिलाने वाला गिरोह सक्रिय है। जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। जिलाधिकारी के आदेश पर तहसीलदार मड़िहान ने चिकित्सालय पहुंचकर चिकित्सा अधिकारी से मामले की जानकारी ली और कूटरचित दस्तावेज तैयार करने वालों पर विधिक कार्रवाई करने की बात कही। जिस पर कुछ लोगों के खिलाफ राजगढ़ थाने में मामला दर्ज कराया गया है।
बृहस्पतिवार को तहसीलदार मड़िहान आशीष पांडे दोपहर में राजगढ़ पशु चिकित्सालय पर गए और चिकित्सा अधिकारी से इस संबंध में पूछा तो उन्होंने बताया कि क्षेत्र में फर्जी पोस्टमार्टम रिपोर्ट बनाकर बैंकों से पैसा दिलाने वाला गिरोह सक्रिय है और कुछ लोगों ने ले लिया भी होगा। चिकित्साधिकारी ने तहसीलदार को बताया कि कूटरचित दस्तावेज तैयार करके बैंकों से पैसा लेने के आरोप में राजगढ़ थाना क्षेत्र के दधिबल सिंह पुत्र जय सिंह निवासी सेमरा बरहो और श्रीमती इन्द्रासनी देवी पत्नी रमेश विश्वकर्मा के खिलाफ फर्जी शव विच्छेदन का प्रमाण पत्र बनाकर तहसील से आपदा राहत की राशि लेने की कोशिश की गई थी जो सत्यापन के दौरान पकड़ा गया इसी प्रकार चुनार तहसील क्षेत्र में ग्राम पटिहटा निवासी आयुषी पटेल पुत्री सुरेंद्र सिंह ने अपने दो भैंसों का फर्जी स्वास्थ्य प्रमाण पत्र बनवाकर बैंक ऑफ़ बड़ौदा इमलिया बाजार से लोन लेने का प्रयास किया गया तो सत्यापन के दौरान मामला पकड़ा गया।
क्षेत्र में फैले अराजक तत्वों ने कई लोगों को फर्जी बीमा राशि और बैंकों से लोन भी दिलवा दिया है इतना ही नहीं क्षेत्र में जो भी गाय भैंस मर रही हैं उनमें से ज्यादातर लोगों को सर्प दंश से मरने का पशु मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किया जा रहा है।
पशुओं को बीमा राशि और शादीशुदा जोड़ों को वैवाहिक लाभ दिलाने वाला गिरोह क्षेत्र में सक्रिय है इसके पहले भी कई मामले पकड़े गए थे लेकिन कोई कार्रवाई न होने से उनके हौसले बुलंद हैं।
तहसीलदार आशीष पांडे ने दोपहर में पहुंच कर जानकारी लेने के बाद संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई करने और सही रिपोर्टिंग करने के लिए कहा।
इस संबंध में राजगढ़ के पशु चिकित्सा अधिकारी डा अग्रेश यादव ने बताया कि कूटरचित दस्तावेज तैयार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए राजगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कर दिया गया है। कार्यवाही पुलिस को करनी है।


