साहित्य

श्रमिक दिवस पर (कुंडलियाँ)

अमर सिंह राय

महँगाई के दौर में, बेबस है मजदूर।
गार रहा तन काम कर, हो- होकर मजबूर।
हो-होकर मजबूर, नहीं अब काम- कमाई।
नर की जगह मशीन,खोदती दिखती खाई।
‘अमर’ कहे यह बात, अर्थ की रोवा- गाई।
श्रमिक रहे हैं कोस, बढ़ी क्यों है महँगाई।

करता है निर्माण जो, बँगला आलीशान।
करे बसर फुटपाथ पर, श्रमिक रहे हैरान।।
श्रमिक रहे हैरान, बनाता है देवालय।
कभी न पाया देख,एक भी दिन विद्यालय।
‘अमर’ कहे यह बात, रहे सहमा-सा डरता।
झुग्गी झोपड़ डाल, जिन्दगी यापन करता।

होता अपमानित श्रमिक, सुन लेता दो बात।
सुन मालिक के दुर्वचन, लगता है आघात।
लगता है आघात, किंतु कुछ नहिं मत पाता।
इसे समझकर भाग्य, दीनता पर पछताता।
‘अमर’ कहे यह बात, अश्क से चक्षु भिगोता।
रह जाता यह सोच,लिखा विधि का ही होता।

अमर सिंह राय
नौगाँव, मध्य प्रदेश

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!