मानवीय संवेदना के ह्रास पर होगा अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन वैचारिक मंथन
दि ग्राम टुडे समाचार सेवा

दुबई/देहरादून। आधुनिक समाज में तेजी से बदलते सामाजिक परिवेश के बीच मानवीय संवेदनाओं के क्षरण पर गंभीर विमर्श के उद्देश्य से ‘साहित्य अर्पण, दुबई’ के तत्वावधान में 2 जुलाई 2026 को सायं 7:00 बजे (भारतीय समयानुसार) एक विशेष ऑनलाइन साहित्यिक चर्चा एवं परिचर्चा का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का विषय “मानवीय संवेदना का ह्रास : एक सामाजिक मनोवैज्ञानिक मंथन” निर्धारित किया गया है।
कार्यक्रम का सीधा प्रसारण Sahitya Arpan YouTube Channel पर किया जाएगा, जिससे भारत सहित विश्व के विभिन्न देशों के साहित्यकार, शिक्षाविद, शोधार्थी एवं साहित्यप्रेमी इसमें सहभागी बन सकेंगे।
इस वैचारिक मंथन में साहित्य अर्पण की मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं लेखिका नेहा शर्मा (दुबई, संयुक्त अरब अमीरात) मुख्य वक्ता एवं आयोजक के रूप में अपने विचार रखेंगी। कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन मनीषा आवले चौगांवकर करेंगी।
चर्चा में डॉ. मीनू पांडेय (मध्य प्रदेश), सुषमा दुबे (मध्य प्रदेश), डॉ. गोविन्द गुप्ता (उत्तर प्रदेश) तथा डॉ. शिवेश्वर दत्त पाण्डेय (उत्तराखंड) विषय के विविध सामाजिक, साहित्यिक एवं मनोवैज्ञानिक पक्षों पर अपने विचार व्यक्त करेंगे। वक्ता वर्तमान समय में मानवीय रिश्तों, सामाजिक मूल्यों और संवेदनशीलता के बदलते स्वरूप पर गहन चिंतन प्रस्तुत करेंगे।
आयोजकों ने साहित्य एवं समाज से जुड़े सभी चिंतकों, पाठकों और युवाओं से इस ऑनलाइन विमर्श में सहभागी बनने का आह्वान किया है। उनका कहना है कि संवाद और विचार-विमर्श के माध्यम से ही संवेदनशील समाज के निर्माण की दिशा में सार्थक पहल संभव है।




