महिला काव्य मंच रुड़की इकाई की मासिक काव्य गोष्ठी एवं पुस्तक विमोचन समारोह संपन्न

रुड़की । महिला काव्य मंच रुड़की इकाई (उत्तराखंड-1) द्वारा रविवार सायं होटल दीप रेजीडेंसी में मासिक काव्य गोष्ठी एवं पुस्तक विमोचन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर युवा रचनाकार एवं कक्षा नौ की छात्रा अनन्या त्यागी द्वारा लिखित पुस्तक द मिरर आफएजुकेशन का लोकार्पण किया गया।
समारोह की अध्यक्षता दि ग्राम टुडे मीडिया समूह के समूह संपादक डॉ. शिवेश्वर दत्त पाण्डेय ने की। मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ साहित्यकार श्री सुबोध कुमार पुंडीर सरित, मुख्य वक्ता श्री सुरेंद्र सैनी तथा विशिष्ट अतिथि श्री नवीन शरण निश्चल उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान महिला काव्य मंच रुड़की इकाई की अध्यक्ष अर्चना त्यागी ने हाल ही में प्रकाशित अपने प्रथम उपन्यास शबनम के शगूफे की प्रतियां सभी अतिथियों को भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. शिवेश्वर दत्त पाण्डेय ने कहा कि साहित्य समाज की चेतना का दर्पण है। उन्होंने युवा पीढ़ी को लेखन एवं पठन-पाठन से जोड़ने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि अनन्या त्यागी जैसी बाल रचनाकार नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने महिला काव्य मंच द्वारा साहित्यिक गतिविधियों के निरंतर संचालन की सराहना की।
मुख्य अतिथि श्री सुबोध कुमार पुंडीर सरित ने कहा कि साहित्य मनुष्य को संवेदनशील बनाता है और समाज में सकारात्मक परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त करता है। उन्होंने अनन्या त्यागी की लेखन प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल साहित्यिक भविष्य की कामना की।
मुख्य वक्ता सुरेंद्र सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि पुस्तक लेखन एक गंभीर साधना है और इतनी कम आयु में पुस्तक प्रकाशित होना अत्यंत प्रशंसनीय उपलब्धि है। उन्होंने विद्यार्थियों को रचनात्मक लेखन की ओर प्रेरित करने की आवश्यकता बताई।
विशिष्ट अतिथि श्री नवीन शरण निश्चल ने कहा कि साहित्यिक मंचों की सक्रियता से नई प्रतिभाओं को अवसर मिलता है। महिला काव्य मंच द्वारा महिलाओं एवं युवा रचनाकारों को मंच प्रदान करना सराहनीय कार्य है।
इस अवसर पर दि ग्राम टुडे मीडिया समूह की ओर से साहित्य एवं समाज सेवा के क्षेत्र में योगदान देने वाले साहित्यकारों को साहित्य सेवी सम्मान तथा साहित्यिक आयोजनों में विशेष सहयोग हेतु “गंगा सेवी सम्मान से सम्मानित किया गया। सम्मान पत्र डॉ. शिवेश्वर दत्त पाण्डेय द्वारा प्रदान किए गए।
काव्य गोष्ठी का प्रभावी संचालन इकाई अध्यक्ष अर्चना त्यागी ने किया, जबकि काव्य सत्र का सरस संचालन स्वयं अनन्या त्यागी ने संभाला। गोष्ठी में प्रस्तुत कविताओं में उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता, सामाजिक सरोकार, नारी चेतना, प्रेम, मानवीय संवेदनाओं तथा देशभक्ति के विविध रंग देखने को मिले।
कवयित्री कविता गोयल की कविता घोंसला, बुशरा तबस्सुम की कविता बेटियां, ममता चंद्रा एवं उनकी पुत्री वागीशा की संयुक्त काव्य प्रस्तुति तथा अलका घनशाला के प्रेमगीत को विशेष रूप से सराहा गया।
गोष्ठी में वीना सिंह, निधि जैन, श्रद्धा हिंदू, कविता गोयल, मृणालिनी शर्मा, ममता चंद्रा, अलका घनशाला, अनुपमा गुप्ता, बुशरा तबस्सुम, अर्चना त्यागी, अनन्या त्यागी सहित अनेक साहित्यकारों एवं अतिथियों ने अपनी प्रतिनिधि रचनाओं का पाठ कर श्रोताओं की भरपूर प्रशंसा प्राप्त की।
इकाई अध्यक्ष अर्चना त्यागी ने मंच की सभी कवयित्रियों के सहयोग एवं समन्वय की सराहना करते हुए आयोजन की सफलता का श्रेय सामूहिक प्रयासों को दिया। उन्होंने अतिथि के रूप में उपस्थित नव सृजन संस्था की कार्यकारिणी के सदस्यों के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया।
अनन्या त्यागी के शिक्षक अमित कुमार ने औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। पुस्तक लेखन में मार्गदर्शक रहे श्री सतीश कुमार त्यागी ने कहा कि अनन्या त्यागी में एक सफल एवं सशक्त लेखक बनने की अपार संभावनाएं हैं। वहीं उनके माता-पिता पारुल त्यागी एवं विनेश त्यागी ने महिला काव्य मंच रुड़की इकाई के इस प्रेरणादायी आयोजन के लिए सभी आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
साहित्य, सम्मान और सृजनशीलता के संगम बने इस आयोजन ने उपस्थित साहित्य प्रेमियों के मन पर गहरी छाप छोड़ी।




