
अहरौला।राजकीय महिला महाविद्यालय समदी में रविवार को पूर्वाह्न 11:00 बजे ‘विकसित भारत 2026 के लिए नशा मुक्त युवा कार्यक्रम के तहत माननीय प्रधानमंत्री के उद्बोधन का सीधा प्रसारण राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के स्वयंसेवी छात्राओं दिखाया व सुनाया गया। प्रधानमंत्री जी ने अपने सम्बोधन में देश के युवाओं को नशा मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि आज से आरम्भ किये जा रहे कार्यक्रम का उद्देश्य एक सशक्त, समृद्ध और विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए युवाओं को मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ बनाये रखना है। इस राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत आगामी 100 रविवार तक यह विकसित भारत 2026 के लिए नशा मुक्त युवा कार्यक्रम लगातार चलाया जायेगा, जिसके अंतर्गत हर सप्ताह युवा नशा मुक्ति का संकल्प लेंगे और समाज को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगे। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. महेन्द्र प्रकाश एवं एनएसएस प्रभारी डॉ. राकेश कुमार यादव ने छात्राओं को नशा मुक्त जीवन अपनाने और भारत देश के सर्वांगीण विकास में अपना सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में युवा ही समाज में परिवर्तन लाने में सक्षम होंगे, इसलिए एक नशा मुक्त और सशक्त समाज के निर्माण की जिम्मेदारी युवाओं के कंधों पर है। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की छात्राओं ने प्रत्येक सप्ताह नशा मुक्ति के इस अभियान से जुड़ने तथा अपने आसपास के लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया। साथ ही यह निर्णय लिया गया कि इस पहल के तहत महाविद्यालय की एनएसएस इकाई द्वारा प्रत्येक रविवार विभिन्न नशा विरोधी गतिविधियों और जागरूकता कार्यक्रमों का नियमित आयोजन किया जायेगा। कार्यक्रम में प्राध्यापकगण डॉ. प्रज्ञानंद प्रजापति, डॉ. जमालुद्दीन अहमद, डॉ. दिलीप वर्मा के साथ महाविद्यालय के कर्मचारीगण एवं सभी एनएसएस स्वयंसेवी छात्रायें प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं।


