भीलवाड़ा में 5 दिवसीय मास्टर ट्रेनर प्रोग्राम: जैविक व प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की पहल

भीलवाड़ा में 5 दिवसीय मास्टर ट्रेनर प्रोग्राम: जैविक व प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की पहल
नईदिल्ली। जैविक कृषि अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र द्वारा गो-आधारित जैविक एवं प्राकृतिक खेती के विकास और विस्तार के उद्देश्य से 5 दिवसीय आवासीय मास्टर ट्रेनर प्रोग्राम का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 27 मई 2026 से 31 मई 2026 तक भीलवाड़ा में आयोजित होगा।
केंद्र द्वारा पिछले 10 वर्षों से जैविक एवं प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में निरंतर अनुसंधान एवं प्रशिक्षण कार्य किए जा रहे हैं। इस दौरान विकसित की गई कई सरल एवं प्रभावी पद्धतियां न केवल किसानों के लिए लाभकारी सिद्ध हुई हैं, बल्कि पर्यावरण एवं समस्त सृष्टि के लिए भी उपयोगी मानी जा रही हैं। संस्था का उद्देश्य इन तकनीकों का व्यापक प्रसार कर इच्छुक एवं प्रेरित किसानों को मास्टर ट्रेनर के रूप में तैयार करना है, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में प्राकृतिक खेती की अलख जगा सकें।
कार्यक्रम में विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत चर्चा की जाएगी, जिनमें जल प्रबंधन, भूमि सुधार एवं पोषण, खरपतवार प्रबंधन, कीट संरक्षण एवं नियंत्रण, जंगली जानवरों जैसे हिरण, खरगोश, नीलगाय, सूअर एवं बंदरों से फसल सुरक्षा के उपाय, दीमक नियंत्रण, रोग प्रबंधन की सरल तकनीकें, जैविक उत्पादों का प्रमाणीकरण, बाजारीकरण एवं दस्तावेजीकरण शामिल हैं। साथ ही, प्रतिभागी अपने व्यक्तिगत कृषि संबंधी प्रश्न भी लेकर आ सकते हैं, जिनका समाधान विशेषज्ञों द्वारा किया जाएगा।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में अधिकतम 100 किसानों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है। आयोजकों ने विभिन्न संस्थाओं से अपील की है कि वे अपने तकनीकी कार्मिकों एवं नवाचारी किसानों को इसमें भाग लेने के लिए प्रेरित करें।
प्रशिक्षण शुल्क मात्र ₹700 प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है, जिसमें 5 दिनों का आवास, भोजन, अध्ययन सामग्री (पुस्तक, पेन, डायरी) एवं प्रमाण पत्र शामिल होगा। कार्यक्रम में महिला एवं पुरुष दोनों किसान भाग ले सकते हैं।
आयोजकों ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह केवल एक प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्राकृतिक खेती की दिशा में एक सतत यात्रा की शुरुआत है। प्रशिक्षण के बाद भी प्रतिभागियों की समस्याओं के समाधान हेतु प्रत्येक बुधवार को ऑनलाइन सत्र आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में पंजीकरण की अंतिम तिथि 2 मई 2026 निर्धारित की गई है। अधिक जानकारी एवं पंजीकरण हेतु इच्छुक प्रतिभागी पूनम पंवार (कृषि जागरण, दिल्ली) से मोबाइल नंबर 9068742358 पर संपर्क कर सकते हैं।
