वेदमाता गायत्री की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न

वेदमाता गायत्री की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न
लखनऊ। श्री जनकल्याणेश्वर महादेव मंदिर, सैनिक नगर (लेन 12B) में बैसाख शुक्ल सप्तमी, बृहस्पतिवार को वेदमाता गायत्री की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा विधिवत् वैदिक रीति से संपन्न हुई। यह पावन आयोजन प्रातः पुनर्वसु नक्षत्र एवं वृष–मिथुन लग्न में प्रारंभ हुआ।
मंदिर के आचार्य पंडित बृजेश कुमार मिश्र ‘विद्यावाचस्पति’ के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ प्राण प्रतिष्ठा का अनुष्ठान सुबह 7 बजे आरंभ हुआ। इस अवसर पर मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ. कर्नल आदिशंकर मिश्र ‘आदित्य’, उपाध्यक्ष कैप्टन धर्म देव सिंह, सूबेदार ओम प्रकाश शर्मा, इंजीनियर एस.बी. सिंह, गायत्री परिवार से जुड़े जितेंद्र सिंह, सूबेदार सुरेंद्र पांडेय, श्रीमती इंदू सिंह, श्रीमती प्रियंका तिवारी सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
अनुष्ठान के दौरान वेदमाता गायत्री की प्रतिमा का जलाभिषेक, गंगाजल, घृत, केवड़ा जल एवं इत्र से अभिषेक किया गया। इसके साथ ही अन्न अभिषेक और पुष्प अभिषेक भी संपन्न हुआ। तत्पश्चात गायत्री यज्ञ एवं हवन के उपरांत प्रतिमा को वस्त्र धारण कराकर समीप के पाँच मंदिरों में भ्रमण कराया गया। पुनः मंदिर परिसर में लाकर वैदिक मंत्रों के साथ प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न की गई।
कार्यक्रम के अंत में गायत्री माता की आरती की गई तथा उपस्थित भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। पूरा आयोजन लगभग प्रातः 10:45 बजे संपन्न हुआ।
मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ. कर्नल आदिशंकर मिश्र ने बताया कि यह संकल्प लगभग तीन माह पूर्व लिया गया था, जो भगवान श्री जनकल्याणेश्वर महादेव की कृपा एवं वेदमाता गायत्री के आशीर्वाद से आज पूर्ण हुआ।
ॐ भूर्भुवः स्वः तत्सवितुर्वरेण्यं भर्गो देवस्य धीमहि धियो यो नः प्रचोदयात्।



