दो सौ वर्षों बाद भी हिंदी पत्रकारिता की विश्वसनीयता आज भी कायम है – पुलिस उपाधीक्षक

मिर्जापुर(चुनार)। हिंदी पत्रकारिता के दो सौ वर्ष पूर्ण होने बाद आज भी हिंदी पत्रकारिता की विश्वसनीयता कायम है क्यों कि तथ्यों की पूरी जानकारी के बाद ही खबर तैयार होती हैं। यह बातें पुलिस उपाधीक्षक मंजरी राव ने नेशनल यूनियन आफ जर्नलिस्ट्स उत्तर प्रदेश की जिला इकाई के तत्वावधान में शनिवार को आयोजित हिंदी पत्रकारिता दिवस कार्यक्रम में कही। उन्होंने कहाकि पहला हिंदी समाचार पत्र का नाम उदंड मार्तण्ड था जिसका मतलब उगता सूरज होता है। सूरज अस्त होता है लेकिन कभी खत्म नहीं होता है जो हिंदी पत्रकारिता के संदर्भ में बिल्कुल सही है। पुलिस उपाधीक्षक ने कहा कि डिजिटल मीडिया का युग है उनकी भी यह जिम्मेदारी है कि फेक खबरों से बचें सही जानकारी के बाद ही समाचारों का प्रेषण करें। तहसीलदार इवेंद्र कुमार ने कहा कि यह गर्व का विषय है कि हमारे उप्र के निवासी ने हिंदी के पहले अखबार का प्रकाशन किया था। तब से आज हर रोज समाचारों का स्वरूप बदलता जा रहा है। ऐसे में हिंदी पत्रकारिता की जिम्मेदारी बढ़ जाती है।
नेशनल यूनियन आफ जर्नलिस्ट्स उत्तर प्रदेश के प्रदेश मंत्री राकेश श्रीवास्तव ने हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने पर सभी को बधाई देते हुए कहा कि उस समय आजादी की लड़ाई को हिंदी भाषियों में और जागृत करने की दृष्टि से किया गया प्रयास आज भी सार्थक है। अपने साथियों से कहा कि खबरों को पहले परोसने की होड़ लगी है। हमें अपने लेखन में शब्दों की दृष्टि से इसे समृद्ध करने, भाषा और व्याकरण की शुद्धता बनाये रखने की आवश्यकता है। जिलाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता एनयूजे उप्र के प्रदेश मंत्री राकेश श्रीवास्तव ने एवं संचालन पूर्व जिला महामंत्री शिवा शर्मा ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने माँ सरस्वती एवं नारद भगवान के चित्र पर माल्यापर्ण एवं दीप प्रज्ज्वालित कर किया। इस दौरान जिला महामन्त्री जितेंद्र श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष उमेश केशरी, कोषाध्यक्ष विजय कुमार सिंह, संगठन मंत्री संत कुमार, कार्यकारिणी सदस्य कविंद्र साहू, अनिल मिश्रा, आलोक द्विवेदी, निखिल उपाध्याय, मड़िहान तहसील महामंत्री -मनीष रंजन, अरुण पांडेय, बसंत लाल श्रीवास्तव, मनोज पटेल, संतोष कुमार, राजकुमार, बी.नाथ, उत्कर्ष मिश्रा, अभय त्रिपाठी, रामप्रकाश गुप्ता, अनिल केशरी, कौशलपति सिंह, विजय ओझा, रविंद्र द्विवेदी, शुभम विश्वकर्मा, विपान्शु द्विवेदी, आकाश अग्रहरि, सोनू कुमार सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।


