उत्तराखंड

चमन लाल (स्वायत्त) महाविद्यालय में विश्व उपभोक्ता दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

लंढौरा,चमन लाल (स्वायत्त) महाविद्यालय, लंढौरा, हरिद्वार के प्रांगण में आज ‘विश्व उपभोक्ता दिवस’ के उपलक्ष्य में वाणिज्य विभाग द्वारा एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत की गई एक प्रेरणादायक लघु नाटिका रही, जिसका उद्देश्य उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना था। वर्तमान समय में बाजार में बढ़ती धोखाधड़ी और मिलावटखोरी के विरुद्ध समाज को सचेत करने के लिए इस नाटिका के माध्यम से ‘जागो ग्राहक जागो’ का संदेश अत्यंत प्रभावी ढंग से प्रसारित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय प्रबंध समिति के माननीय अध्यक्ष श्री राम कुमार शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। अपने संबोधन में उन्होंने कहां कि शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्वों पर बल देते हुए कहा कि एक जागरूक उपभोक्ता ही सशक्त समाज की नींव रखता है। उन्होंने वाणिज्य विभाग के इस प्रयास की सराहना की और विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया कि वे इस ज्ञान को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाएं। सचिव अरुण हरित व कोषाध्यक्ष अतुल हरित ने सभी को शुभकामनाएं दी।
डा दीपा अग्रवाल ने उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा मंचित लघु नाटिका की प्रशंसा करते हुए कहा कि कला के माध्यम से जटिल कानूनी विषयों को भी सरलता से समझाया जा सकता है। उन्होंने संस्थान के ‘स्वायत्त’ स्वरूप के अंतर्गत विद्यार्थियों के व्यावहारिक कौशल विकास पर विशेष जोर दिया।
वाणिज्य विभाग की प्रभारी डॉ. किरण शर्मा के कुशल निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने बताया कि वाणिज्य विभाग का सदैव यह प्रयास रहता है कि छात्र किताबी ज्ञान से बाहर निकलकर व्यावहारिक चुनौतियों को समझें। लघु नाटिका में विद्यार्थियों ने बाजार में होने वाली ठगी और उससे बचने के कानूनी उपायों को जीवंत रूप में प्रदर्शित किया। कार्यक्रम के अंत में विभाग प्रभारी ने सभी अतिथियों, प्राध्यापकों और छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त शैक्षणिक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!