
अलवर। अलवर की प्रख्यात साहित्यकार एवं समाजसेवी ममता शर्मा अंचल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त हुई है। नेल्सन मंडेला अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर नाइजीरिया की प्रतिष्ठित संस्था दि माइंड एरेना एकेडमी द्वारा उन्हें नेल्सन मंडेला ह्यूमनीटेरियन एक्सलेंस रिकॉग्निशन-2026 से सम्मानित किया गया। संस्था ने उन्हें ऑनलाइन सम्मान-पत्र प्रदान कर समाज सेवा एवं मानवता के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान का अभिनंदन किया।
यह सम्मान उन्हें समाज सेवा, शिक्षा, मानवता, भाईचारा, शांति स्थापना तथा सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जनजागरण और सतत संघर्ष के लिए प्रदान किया गया है। संस्था ने उनके नेतृत्व में समाज के उत्थान हेतु किए जा रहे निरंतर प्रयासों की सराहना करते हुए इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मान के लिए उनका चयन किया।
अलवर के लिए गौरव का क्षण
ममता शर्मा अंचल को मिले इस अंतरराष्ट्रीय सम्मान से अलवर सहित पूरे राजस्थान में हर्ष का वातावरण है। साहित्य, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है। सम्मान की घोषणा के बाद उन्हें देश-विदेश से लगातार शुभकामनाएं प्राप्त हो रही हैं।
देश-विदेश से मिली बधाइयाँ
सम्मान प्राप्त होने पर बिहार के डॉ. ऐनुल बरौलवी, नेपाल की लक्ष्मी शर्मा, महाराष्ट्र के डॉ. नांगला, भोपाल की डॉ. बीना, प्रयागराज की डॉ. यास्मीन सुल्ताना नकवी, वाराणसी की ज्योत्स्ना, नैनीताल की डॉ. सरोज यादव, डॉ. सरोजनी तन्हा, सुनील सिन्हा, डॉ. विजय पंडित सहित अनेक साहित्यकारों, शिक्षाविदों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पहले भी मिल चुके हैं राष्ट्रीय सम्मान
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व ममता शर्मा ‘अंचल’ को झांसी में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रतिष्ठित “मणिकर्णिका सम्मान” से भी सम्मानित किया जा चुका है। उस समारोह में फिल्म जगत की कई हस्तियों तथा मिस पुणे सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे थे।
नेल्सन मंडेला के नाम पर प्रदान किया गया यह अंतरराष्ट्रीय सम्मान ममता शर्मा ‘अंचल’ की सामाजिक प्रतिबद्धता, साहित्यिक योगदान और मानवता की सेवा के प्रति उनके समर्पण का वैश्विक स्तर पर सम्मान है। उनकी यह उपलब्धि न केवल उनके लिए, बल्कि पूरे अलवर जिले और भारतीय साहित्य जगत के लिए भी गौरव का विषय है।




