राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत मगध विश्वविद्यालय में ‘सारथी’ चयन हेतु साक्षात्कार आयोजित
संवाददाता विनोद प्रसाद

पटना/बोधगया, मगध विश्वविद्यालय, बोधगया के राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) प्रकोष्ठ एवं आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC) के संयुक्त तत्वावधान में वर्ष 2026 हेतु ‘सारथी’ के चयन के लिए साक्षात्कार का आयोजन किया गया। यह चयन प्रक्रिया विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय शिक्षा नीति कार्यक्रम के अंतर्गत संपन्न की गई।
साक्षात्कार का आयोजन मन्नूलाल केंद्रीय पुस्तकालय स्थित सेमिनार हॉल में किया गया। साक्षात्कार पैनल में सारथी समन्वयक डॉ. एकता वर्मा के साथ सारथी मेंटर्स के रूप में डॉ. वंदना कुमारी, डॉ. कविता कुमारी, श्रीमती पूनम सिंह, डॉ. दिव्या मिश्रा एवं डॉ. शमशाद अंसारी शामिल रहे।
इस चयन प्रक्रिया में विश्वविद्यालय के अंग्रेज़ी, शिक्षा, भूगोल, समाजशास्त्र, राजनीति विज्ञान, प्राणी विज्ञान, भौतिकी तथा श्रम एवं समाज कल्याण (L.S.W.) आदि भिन्न-भिन्न विभागों से बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर एनईपी समन्वयक डॉ. प्रियंका सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान पूर्व में चयनित एनईपी सारथी आशीष शंकर एवं विवेक कुमार को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए यूजीसी सारथी निर्देशन के अंतर्गत प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु छात्र-छात्राओं में नेतृत्व क्षमता, मार्गदर्शन एवं अकादमिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना रहा।




