
शिक्षा क्या है? एक प्रकाश…,
जो हर लेता मन का अंधकार।
अज्ञानता का अंधेरा मिटाकर,
भर देता जीवन में उजियार।
शिक्षा क्या है? एक विचार जो,
देता है सोच को नया विस्तार।
बंधनों को छोड़कर आगे बढ़ना,
यही सिखाती है शिक्षा बारंबार।
शिक्षा क्या है? संस्कारों की धारा,
जो मन को करती निर्मल, प्यारा।
सत्य,अहिंसा,प्रेम का पाठ पढ़ाती,
जीवन को देती है जो सही सहारा।
शिक्षा क्या है? शक्ति अपार…,
जो बदल दे जीवन का व्यवहार।
संघर्षों में हमें राह दिखलाकर,
बन जाती है जो सच्चा हथियार।
शिक्षा क्या है? सर्वोच्च सम्मान,
जो बनाता है मानव को महान।
हर हृदय में जगमग दीप जलाके,
देता है जो जग को नई पहचान।
©® डॉ. सारिका ठाकुर ‘जागृति’
ग्वालियर (मध्य प्रदेश)




